क्या जदयू विधायक बीमा भारती के पति पर लगेगा CCA? जानिए...
रूपौली के विधायक पति अवधेश मंडल पर फिर सीसीए के तहत कार्रवाई हो सकती है। पूर्णिया पुलिस ने अवधेश मंडल के खिलाफ सीसीए लगाये जाने का प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
पूर्णिया। रूपौली के विधायक पति अवधेश मंडल पर फिर सीसीए के तहत कार्रवाई हो सकती है। पूर्णिया पुलिस ने अवधेश मंडल के खिलाफ सीसीए लगाये जाने का प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिये पुलिस द्वारा जिले के थानों में अवधेश मंडल के खिलाफ दर्ज मामलों को खंगाला जा रहा है।
बीते विधान सभा चुनाव के दौरान भी अवधेश मंडल के खिलाफ सीसीए तीन के तहत कार्रवाई की गयी थी। इसमें चुनाव अवधि के दौरान अवधेश मंडल को जिला बदर करते हुए बेगूसराय जिले के बरौनी थाने में हर दिन हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया था।
बताया जाता है कि अवधेश मंडल के खिलाफ चार दर्जन से अधिक मामले थानों में दर्ज हैं। पुलिस हाल के दिनों की घटनाओं एवं थानों में दर्ज मामलों को आधार बनाकर सीसीए का प्रस्ताव भेजने की तैयारी में जुट गयी है। हाल के दिनों में विधायक पति अवधेश मंडल हत्या के एक मामले में गवाह को धमकाने के मामले में आरोपी बनाये गये हैं। इसके अलावा गवाह को धमकाने मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद मरंगा थाने से समर्थकों के साथ फरार होने का मामला भी है।
अवधेश मंडल के मरंगा थाना से फरार होने के बाद पुलिस ने नवगछिया के छोटी परवत्ता के एक ठिकाने से अवधेश मंडल को उनके तीन सहयोगियों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पायी थी। अवधेश मंडल के थाने से फरार होने के बाद पुलिस को काफी फजीहत का भी सामना करना पड़ा था।