मिलिए पूर्णिया के 'कांग्रेस' से! नाम सुनते ही चौंक जाते हैं लोग, दिलचस्प है इसके पीछे की कहानी
Purnia Youth Named Congress: पूर्णिया के 21 वर्षीय युवक का नाम 'कांग्रेस मंडल' है, जिसे उनके पिता ने 2005 में ...और पढ़ें

Purnia Youth Named Congress: पूर्णिया के युवक का असली नाम है 'कांग्रेस', 2005 में UPA सरकार के दौर में पिता ने रखा था नाम
HighLights
पूर्णिया के 21 वर्षीय युवक का नाम 'कांग्रेस मंडल' है।
पिता ने 2005 में यूपीए सरकार के दौरान यह नाम रखा।
नाम सभी सरकारी दस्तावेजों में विधिवत दर्ज है।
सुशांत कुमार, पूर्णिया। Purnia Youth Named Congress: देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस भले ही इन दिनों सियासी चुनौतियों और सत्ता से दूरी के दौर से गुजर रही हो, लेकिन बिहार के पूर्णिया जिले का एक नौजवान आज भी पार्टी के स्वर्णिम अतीत की यादों को अपने नाम के जरिए संजोए हुए है। जिले के बड़हरा कोठी (बीकोठी) प्रखंड अंतर्गत राजघाट गांव निवासी 21 वर्षीय युवक का वास्तविक और पंजीकृत नाम 'कांग्रेस मंडल' है। राजनीतिक पार्टी के नाम पर रखे गए इस अनोखे नाम को सुनकर कोई भी पहली बार में चौंक जाता है, लेकिन युवक के लिए यह नाम उसकी पहचान और जिंदगी का अटूट हिस्सा बन चुका है।
2005 में यूपीए सरकार के दौर में पिता ने लिया था फैसला
कांग्रेस मंडल के पिता मंटू मंडल बताते हैं कि उनके पुत्र का जन्म वर्ष 2005 में हुआ था। उस समय केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार सत्ता में थी। उस दौर के राजनीतिक प्रभाव और कांग्रेस पार्टी के प्रति अपने गहरे लगाव के चलते उन्होंने बेटे के जन्म के समय ही संकल्प लिया था कि वे उसका नाम किसी देवी-देवता या पारंपरिक नाम के बजाय 'कांग्रेस' ही रखेंगे।
मंटू मंडल का कहना है कि उस दौर को हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बनाए रखने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया था। सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह नाम सिर्फ घर-परिवार में पुकारने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूल के दाखिले से लेकर पहचान पत्र और तमाम सरकारी अभिलेखों में भी विधिवत रूप से उसका नाम 'कांग्रेस मंडल' ही दर्ज कराया गया।
परिचय देते ही लोग पूछ बैठते हैं नाम का किस्सा
आज जब 21 वर्ष का यह युवक किसी सरकारी दफ्तर, कॉलेज, बैंक या अजनबी व्यक्ति के सामने अपना परिचय देता है, तो सामने वाला एक पल के लिए ठहर जाता है और हैरत भरी नजरों से देखने लगता है। राजनीतिक दल के नाम से मिलता-जुलता नाम होने की वजह से लोग उससे इस नामकरण के पीछे की कहानी जरूर पूछते हैं।
पूर्णिया जिले के बीकोठी प्रखंड अंतर्गत राजघाट गांव निवासी 21 वर्षीय युवक का आधिकारिक नाम है 'कांग्रेस मंडल'
वर्ष 2005 में केंद्र में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के गठन के दौर में पिता मंटू मंडल ने रखा था यह अनोखा नाम
केवल घर की पुकार नहीं, बल्कि आधार, वोटर कार्ड व सभी सरकारी दस्तावेजों में दर्ज है 'कांग्रेस'
नाम सुनते ही चौंक जाते हैं लोग, पार्टी के स्वर्णिम दिनों की याद को जीवंत बनाए रखने के लिए पिता ने लिया था फैसला
कांग्रेस मंडल बताते हैं कि बचपन से लेकर अब तक वे इसी नाम से पुकारे जाते रहे हैं। समय के साथ केंद्र की सत्ता बदली, राजनीतिक समीकरण बदले और पार्टियां अर्श से फर्श पर आईं, लेकिन मंटू मंडल द्वारा रखा गया यह नाम आज भी उसी गर्व के साथ कायम है। पिता का कहना है कि वर्तमान में पार्टी चाहे जिस भी दौर में हो, लेकिन उनके बेटे का नाम उस दौर के स्वर्णिम राजनीतिक इतिहास का जीवंत दस्तावेज बना हुआ है।
