क्लासरूम से बाहर आर्यभट्ट गणित पार्क और JC बोस इको पार्क; पूर्णिया के एचएम साहब अजय पंडित जी आपने तो कर दिया कमाल
State Teacher Award 2026: पूर्णिया के मध्य विद्यालय उथरी पोखरिया के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित को 'राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026' ...और पढ़ें

State Teacher Award 2026: पूर्णिया के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित को राजकीय शिक्षक पुरस्कार, गणित और इको पार्क से बदली पढ़ाई
HighLights
प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026.
'आर्यभट्ट गणित पार्क' और 'जेसी बोस इको पार्क' बनाए सीखने का जरिया.
गतिविधि आधारित शिक्षण से छात्रों में जगाई सीखने की ललक.
संवाद सूत्र, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। State Teacher Award 2026: स्कूली शिक्षा को महज चारदीवारी और किताबों तक सीमित रखने के बजाय प्रायोगिक व खेल-खेल में सीखने के नवाचार ने पूर्णिया को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत सदर मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय उथरी पोखरिया के नवाचारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित को 'राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026' से सम्मानित किया जाएगा। राजधानी पटना में आयोजित होने वाले भव्य राज्यस्तरीय समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। उनके चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार, जिले के शिक्षकों और पूरे शिक्षा जगत में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है।
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के मध्य विद्यालय उथरी पोखरिया के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित का राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयन
राजधानी पटना में 5 सितंबर को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा यह प्रतिष्ठित सम्मान
विद्यालय में 'आर्यभट्ट गणित पार्क' और 'जेसी बोस इको पार्क' बनाकर आउटडोर टीचिंग को बनाया सीखने का जरिया
टीएलएम और गतिविधि आधारित शिक्षण से छात्रों में जगाई ललक; विद्यालय परिवार, शिक्षकों और शिक्षा जगत में हर्ष की लहर
अजय कुमार पंडित 19 सितंबर 2023 से मध्य विद्यालय उथरी पोखरिया में बतौर प्रधानाध्यापक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने मध्य विद्यालय उफरैल तथा डगरुआ प्रखंड के विभिन्न सुदूर ग्रामीण विद्यालयों में पदस्थापित रहकर पूरी निष्ठा के साथ शैक्षणिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया था। उथरी पोखरिया विद्यालय में पदभार संभालने के बाद से ही उन्होंने शिक्षण व्यवस्था को अधिक रोचक, व्यावहारिक और बाल-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया।
आर्यभट्ट गणित पार्क और जेसी बोस इको पार्क बने आकर्षण
विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक द्वारा स्थापित 'आर्यभट्ट गणित पार्क' और 'जेसी बोस इको पार्क' आज बच्चों के सीखने का प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। इन पार्कों के जरिए गणित के जटिल सूत्रों, ज्यामितीय आकृतियों और पर्यावरण विज्ञान के सिद्धांतों को बच्चे कक्षा से बाहर खुले वातावरण में व्यावहारिक रूप से समझ रहे हैं। गतिविधि आधारित शिक्षण के इस मॉडल से बच्चों में स्कूल आने के प्रति आकर्षण तो बढ़ा ही है, साथ ही विषयों को लेकर उनका डर भी दूर हुआ है।
क्लासरूम से बाहर आउटडोर लर्निंग पर विशेष जोर
प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित का स्पष्ट मानना है कि बच्चों को केवल पारंपरिक क्लासरूम टीचिंग तक सीमित रखने के बजाय उन्हें आउटडोर लर्निंग से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत वे विद्यालय में दैनिक शिक्षण के दौरान शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) और समूह गतिविधियों का भरपूर उपयोग सुनिश्चित कराते हैं। इससे छात्र सीखने की प्रक्रिया में मूक दर्शक न रहकर सक्रिय सहभागी बनते हैं।
'सहयोग और साझा प्रयासों का प्रतिफल है यह सम्मान'
राजकीय सम्मान के लिए चुने जाने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि विद्यालय के समस्त शिक्षकों, कर्मठ सहकर्मियों, प्यारे विद्यार्थियों और जागरूक अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा की गुणवत्ता को और आगे ले जाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नए प्रयोग करने की नई ऊर्जा देगा।
