विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Purnia : स्मैक तस्करी में नपे दालकोला चेकपोस्ट प्रभारी, बदले जाएंगे सभी होमगार्ड; सिपाही निलंबित

Published: Sun, 30 Aug 2026 03:06 PM (IST)

पूर्णिया के दालकोला चेकपोस्ट पर मादक पदार्थों की तस्करी में कर्मियों की मिलीभगत सामने आने पर जिला प्रशासन ने कड़ी ...और पढ़ें

दालकोला चेकपोस्ट पर तस्करों से मिलीभगत का बड़ा खुलासा: प्रभारी हटाए गए, सिपाही निलंबित; सभी होमगार्ड जवान बदले जाएंगे

दालकोला चेकपोस्ट पर तस्करों से मिलीभगत का बड़ा खुलासा: प्रभारी हटाए गए, सिपाही निलंबित; सभी होमगार्ड जवान बदले जाएंगे

HighLights

  1. दालकोला चेकपोस्ट प्रभारी को स्मैक तस्करी में संलिप्तता पर हटाया गया।

  2. तस्करी में मिलीभगत पाए जाने पर एक सिपाही निलंबित हुआ।

  3. दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात सभी होमगार्ड जवानों को बदला जाएगा।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। बिहार-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित समेकित जांच चौकी (दालकोला चेकपोस्ट) पर मादक पदार्थों के तस्करों के साथ कर्मियों की मिलीभगत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा हंटर चलाया है। एक माह के भीतर दूसरी बार तस्करी में कर्मियों की संलिप्तता पाए जाने पर जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेकपोस्ट प्रभारी को पद से हटा दिया है, जबकि एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही चेकपोस्ट पर वर्तमान में तैनात सभी होमगार्ड (गृहरक्षक) जवानों को तत्काल प्रभाव से बदलने का आदेश जारी किया गया है।

  • दालकोला चेकपोस्ट पर एक माह में दूसरी बार तस्करों से मिलीभगत उजागर; मद्य निषेध निरीक्षक सह चेकपोस्ट प्रभारी दुर्गेश कुमार हटाए गए

  • स्मैक और शराब तस्करी में संलिप्त मद्य निषेध सिपाही ब्रजकिशोर कुमार निलंबित, गिरफ्तार होमगार्ड व फरार जवान पर विभागीय कार्रवाई शुरू

  • डीएम अंशुल कुमार के औचक निरीक्षण के बाद बड़ा एक्शन; चेकपोस्ट पर तैनात सभी गृहरक्षकों को तत्काल बदलने का आदेश

  • डीआईयू की विशेष टीम कर रही है जांच; तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य पुलिसकर्मी और कर्मी भी होंगे बेनकाब

गत 26 अगस्त को दालकोला चेकपोस्ट के जरिए शराब और स्मैक की खेप पार कराए जाने की सूचना पर जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने समेकित जांच चौकी का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहनों की स्कैनिंग, जांच प्रक्रिया और कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर की गहन समीक्षा की थी। उसी दिन पूर्णिया सदर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक बरामद की थी। पुलिस अनुसंधान में यह पुष्ट हुआ कि चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों के सहयोग और मिलीभगत से ही यह अवैध खेप सीमा पार कराई गई थी।

प्रभारी हटाए गए, सिपाही निलंबित और गृहरक्षकों पर कार्रवाई

डीएम के निर्देश पर मद्य निषेध विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है:

  • चेकपोस्ट प्रभारी पर गाज: दालकोला चेकपोस्ट के प्रभारी सह मद्य निषेध निरीक्षक दुर्गेश कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन मुख्यालय भेजा गया है।

  • सिपाही पर निलंबन: मामले में संलिप्त पाए गए मद्य निषेध सिपाही ब्रजकिशोर कुमार को गिरफ्तार कर उनके निलंबन की अनुशंसा विभाग को भेजी गई है।

  • होमगार्ड जवानों पर शिकंजा: स्मैक तस्करी में शामिल गिरफ्तार गृहरक्षक आकाश उरांव और फरार चल रहे गृहरक्षक राजकिशोर कुमार के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई के लिए जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी को पत्र लिखा गया है।

  • पूरी टीम बदलेगी: मद्य निषेध विभाग में प्रतिनियुक्त सभी वर्तमान गृहरक्षकों को हटाकर नए जवानों की तैनाती का आदेश दिया गया है।

डीआईयू टीम कर रही जांच, कई अन्य पर गिरेगी गाज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि चेकपोस्ट कर्मियों या जिले के किसी भी थाने की पुलिस की तस्करों के साथ मिलीभगत को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूरे तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जिला आसूचना इकाई (DIU) की एक विशेष टीम गठित की गई है। तकनीकी शाखा (Technical Cell) के सहयोग से संदिग्ध कर्मियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी कर्मी या पुलिस पदाधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध बर्खास्तगी सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।