विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया: पंचायत के 10 दिन बाद ही 10 हजार कैश, जेवर और दोनों बच्चों को लेकर फरार हुई पत्नी; पति ने मांगी पुलिस मदद

Published: Sun, 16 Aug 2026 11:40 AM (IST)

पूर्णिया के परमानंदपुर गांव में एक विवाहिता अपने दो बच्चों, सोने-चांदी के जेवर, 10 हजार नकद और जरूरी दस्तावेज लेकर ...और पढ़ें

मजदूरी करने गया था पति शिव कुमार, शाम को घर से नदारद मिली पत्नी; जेवर, जरूरी कागजात और 10 हजार कैश गायब

मजदूरी करने गया था पति शिव कुमार, शाम को घर से नदारद मिली पत्नी; जेवर, जरूरी कागजात और 10 हजार कैश गायब

HighLights

  1. विवाहिता बच्चों, जेवर, 10 हजार नकद लेकर फरार हुई।

  2. पति ने मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

  3. पत्नी 10 दिन पहले ही पंचायत के बाद लौटी थी।

संवाद सूत्र, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमपुर पंचायत के परमानंदपुर गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, जरूरी दस्तावेज (आधार कार्ड सहित), 10 हजार रुपये नकद और अपने दो मासूम बच्चों को लेकर अचानक फरार हो गई। घटना के वक्त पति मजदूरी करने गया हुआ था। घर लौटने पर जब पत्नी और बच्चे नहीं मिले, तो पति के होश उड़ गए। मामले को लेकर पीड़ित पति ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय व उचित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

5 वर्ष पूर्व हुई थी शादी, 10 दिन पहले ही पंचायत के बाद लौटी थी

पीड़ित पति शिव कुमार सिंह (निवासी परमानंदपुर, बिक्रमपुर पंचायत) ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर चिलमारा निवासी राम सकल सिंह की पुत्री प्रियंका कुमारी के साथ हुई थी। दांपत्य जीवन के दौरान उनके दो बच्चे हुए।

पति का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी ससुराल में ठीक से रहना नहीं चाहती थी और लगातार विवाद करती थी। करीब एक वर्ष पूर्व वह बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी और वापस आने से साफ इनकार कर रही थी। इसके बाद गांव के प्रबुद्ध जनप्रतिनिधियों और परिजनों की मौजूदगी में सामाजिक स्तर पर पंचायत हुई। पंचायत के समझौते के बाद करीब 10 दिन पूर्व ही वह अपनी पत्नी और बच्चों को मायके से विदा कराकर वापस घर लाया था।

मजदूरी करने गया था पति, पीछे से नकदी-जेवर समेट निकली पत्नी

शिव कुमार सिंह के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे वह रोजाना की तरह मजदूरी करने के लिए बेलवा गांव गया था। इसी बीच शाम करीब 4 बजे उसकी पत्नी प्रियंका दोनों बच्चों को साथ लेकर चुपके से घर से निकल गई।

शाम को जब वह मजदूरी कर घर लौटा, तो घर का दरवाजा खुला था और पत्नी व दोनों बच्चे गायब थे। घर के भीतर छानबीन करने पर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी पहचान पत्र (आधार कार्ड) और 10 हजार रुपये नकद भी गायब मिले।

ससुराल पक्ष पर धमकी देने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी जब उसने तत्काल अपने ससुराल पक्ष को दी, तो सहयोग करने के बजाय उसके ससुर करीब 10 लोगों के साथ परमानंदपुर गांव पहुंचे और उस पर ही झूठे आरोप लगाते हुए जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। ससुराल वालों के आक्रामक रवैये के बाद पीड़ित पति ने सीधे मुफस्सिल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले को लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित पति के आवेदन के आधार पर सनहा/प्राथमिकी दर्ज कर सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है और महिला व बच्चों की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।