पूर्णिया: प्राथमिक विद्यालय गिद्धा में 3 दिनों तक फहराता रहा तिरंगा; आधा झुका होने पर भड़के ग्रामीण, DM से की शिकायत
पूर्णिया के प्राथमिक विद्यालय गिद्धा में स्वतंत्रता दिवस के बाद भी 17 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराता रहा और आधा ...और पढ़ें

15 अगस्त के बाद 17 अगस्त तक डंडे पर लहराता रहा राष्ट्रीय ध्वज; ग्रामीणों ने DM और BDO को ईमेल भेज दर्ज कराई आपत्ति
संवाद सूत्र, रुपौली (पूर्णिया)। नगर पंचायत रुपौली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय गिद्धा में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद भी 17 अगस्त की सुबह तक राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) पोल से नहीं उतारे जाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। राष्ट्रीय ध्वज संहिता के खुले उल्लंघन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
इस मामले को लेकर वार्ड संख्या 9 निवासी मिथुन कुमार (पिता डोमन राय) ने पूर्णिया के जिलाधिकारी (DM), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को साक्ष्य सहित ईमेल के माध्यम से लिखित शिकायत भेजकर जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूर्यास्त के बाद भी नहीं उतारा गया झंडा
उच्चाधिकारियों को भेजी गई शिकायत में ग्रामीण मिथुन कुमार ने उल्लेख किया है कि नियमानुसार 15 अगस्त को सूर्यास्त से पूर्व राष्ट्रीय ध्वज को पूरे मान-सम्मान के साथ उतार लिया जाना चाहिए था। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने स्वतंत्रता दिवस की शाम को झंडा नहीं उतारा।
आधा झुका होने का आरोप
इसके बाद 16 और 17 अगस्त की सुबह तक तिरंगा उसी तरह पोल पर फहराता रहा। सबसे गंभीर बात यह रही कि तिरंगा डंडे के शीर्ष पर होने के बजाय बीच में आधा झुका हुआ लहरा रहा था, जो कि केवल राष्ट्रीय शोक के समय ही नियमानुसार फहराया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने 15 अगस्त की शाम तक इंतजार किया, लेकिन झंडा नहीं उतारा गया, जो सीधे तौर पर तिरंगे का अपमान है।
एचएम बोले- साजिश के तहत फंसाने के लिए किसी ने दोबारा फहराया
इस पूरे मामले पर प्राथमिक विद्यालय गिद्धा के प्रधानाध्यापक (HM) उज्ज्वल कुमार साह ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "यह एक सोची-समझी साजिश के तहत मुझे फंसाने के लिए किया गया है। 15 अगस्त को निर्धारित समय पर मैंने सम्मानपूर्वक झंडा उतार लिया था। विद्यालय में शिक्षकों के बीच आपसी विवाद चल रहा है, उसी दुर्भावना के चलते किसी ने बाद में दोबारा झंडे को पोल पर टांग दिया।"
बीईओ बोले- जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) धनंजय कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय गिद्धा में 17 अगस्त तक तिरंगा फहराते रहने की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज के मान-सम्मान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी व विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
