पूर्णिया में ऐतिहासिक रोजगार मेला : 10 हजार युवाओं की जुटी भीड़, 7882 को मिले नियुक्ति पत्र; 32 को गल्फ देशों का ऑफर
पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव की पहल पर आयोजित भव्य रोजगार मेले में सीमांचल और कोसी क्षेत्र के 10 हजार ...और पढ़ें

Purnia Rozgar Mela 2026: सांसद पप्पू यादव के रोजगार मेले में 7,882 युवाओं को मिली नौकरी
HighLights
पूर्णिया में भव्य रोजगार मेले में 10 हजार युवा पहुंचे।
7,882 युवाओं को विभिन्न कंपनियों से नियुक्ति पत्र मिले।
32 युवाओं को खाड़ी देशों में रोजगार का अवसर।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में रविवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की विशेष पहल पर ऐतिहासिक 'भव्य रोजगार मेला-2026' का आयोजन किया गया। रोजगार की आस लेकर सीमांचल और कोसी क्षेत्र के पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, अररिया, मधेपुरा एवं सुपौल जिलों से 10 हजार से अधिक युवक व युवतियां मेले में पहुंचे। मेले में आई 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों पर 7,882 युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) सौंपे। चयनित अभ्यर्थियों में 40 प्रतिशत भागीदारी महिला अभ्यर्थियों की रही।
मेले में एशियन पेंट्स, ब्लू डार्ट, राइडर सिक्युरिटी सहित मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और आईटी क्षेत्र की 30 से अधिक बड़ी कंपनियों के 40 स्टॉल लगाए गए थे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले मेले के लिए सुबह आठ बजे से ही स्टेडियम परिसर में भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। लगभग 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए अपना पूर्व पंजीकरण कराया था।
20 हजार से 70 हजार रुपये तक का मिला वेतन पैकेज
रोजगार मेले में कंपनियों ने योग्यता के आधार पर 20 हजार रुपये से लेकर 70 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पैकेज ऑफर किए। सुपौल निवासी आदित्य कुमार को सर्वाधिक 70 हजार रुपये का मासिक पैकेज मिला, जबकि पूर्णिया के नाका चौक निवासी पप्पू कुमार को 31 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी मिली। इसके अलावा 32 युवाओं का चयन गल्फ (खाड़ी) देशों में रोजगार के लिए हुआ, जिन्हें सालाना 4 लाख रुपये तक का सीटीसी पैकेज दिया जा रहा है।
हर 6 माह में रोजगार मेला, 1 साल में 3 लाख युवाओं को जोड़ेंगे: सांसद
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल के युवाओं में अद्भुत प्रतिभा और मेहनत का जज्बा है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की 'रोजगारयुक्त भारत' की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 'हर हाथ रोजगार, पूर्णिया' का संकल्प लिया है।
सांसद ने घोषणा की कि अब पूर्णिया में प्रत्येक छह महीने पर इस तरह के रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आगामी एक वर्ष के भीतर कोसी-सीमांचल के 3 लाख युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
बेटियों को AI ट्रेनिंग व मेधावियों को मिलेंगे लैपटॉप
सांसद ने बताया कि 'प्रणाम पूर्णिया, सलाम पूर्णिया और जोहार पूर्णिया' संकल्प के तहत अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 1 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी आर्थिक मदद दी जा चुकी है। रक्षाबंधन पर 25 परिवारों को करीब 22 लाख रुपये मूल्य की चप्पल बनाने की मशीनें उपलब्ध कराई गईं।
पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित हुआ भव्य रोजगार मेला-2026
50 से अधिक राष्ट्रीय व बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने 7,882 अभ्यर्थियों को दिए ऑफर लेटर; चयनितों में 40% महिला अभ्यर्थी शामिल
सुपौल के आदित्य को मिला सर्वाधिक 70 हजार रुपये प्रतिमाह का पैकेज, 32 युवाओं का चयन गल्फ देशों के लिए हुआ
सांसद का बड़ा एलान: हर छह महीने में लगेगा रोजगार मेला, एक साल में कोसी-सीमांचल के 3 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
आगामी माह में 60 से अधिक गरीब मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटे जाएंगे। साथ ही, पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की 60 से अधिक बेटियों को गूगल, कोर्टसेरा और आईआईटी जैसे संस्थानों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मांग आधारित ऑनलाइन ट्रेनिंग व सर्टिफिकेशन दिलाया जाएगा। देर शाम तक चले इस मेले को सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन, एसडीएम और डीएसपी सहित पुलिस अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
