जमीन विवाद में खूनी खेल: पूर्णिया में चचेरे ससुर ने बहू पर चलाई गोली, महिला की हालत नाजुक
पूर्णिया के डगरूआ में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी रिश्ते की बहू को गोली मार दी, जिससे ...और पढ़ें

पूर्णिया में जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदार ने बहू पर चलाई गोली महिला की हालत गंभीर
HighLights
पूर्णिया में जमीन विवाद में बहू को गोली मारी।
घायल महिला कोमल कुमारी की हालत गंभीर।
पुलिस आरोपी विष्णु दास की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना रहिका टोल में जमीनी रंजिश को लेकर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन कट्ठा जमीन के विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी ही रिश्ते की बहू को गोली मार दी। गोली महिला की पीठ में लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई।
घायल महिला की पहचान गुलशन दास की 25 वर्षीय पत्नी कोमल कुमारी के रूप में की गई है। आनन-फानन में परिजनों द्वारा घायल महिला को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए घायल महिला की सास मासोमात उगनी देवी ने बताया कि उनके देवर विष्णु दास के साथ 3 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। देवर का कहना था कि वह इस जमीन पर किसी को रहने नहीं देगा और लगातार यहां से भाग जाने की धमकी देता था।
सास के अनुसार, रविवार शाम विवाद बढ़ने पर आरोपी विष्णु दास ने पहले उनके बेटे गुलशन पर धारदार हथियार से हमला किया, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
इसके बाद जब बहू कोमल कुमारी घर के बाहर गोबर के गोइठे ठोक रही थी, तभी घात लगाए बैठे आरोपी विष्णु दास ने उस पर पीछे से गोली चला दी। गोली पीठ में लगते ही कोमल चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी।घटना की सूचना मिलते ही डगरूआ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई।
पुलिस टीम ने जीएमसीएच पहुंचकर घायल महिला को बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई और इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू की।
मामले की जानकारी देते हुए डगरूआ थानाध्यक्ष उमेश पासवान ने घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
