Purnea Rojgar Mela 2026 : 14345 युवाओं को मिले ऑफर लेटर, 18 हजार से 4 लाख तक का पैकेज, 300+ बेटियों को वर्क फ्रॉम होम
Purnea Rojgar Mela 2026: पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव की पहल पर आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में कोसी-सीमांचल के ...और पढ़ें

Purnea Rojgar Mela 2026
HighLights
पूर्णिया रोजगार मेले में 14,345 युवाओं को मिले नौकरी के ऑफर।
300 से अधिक युवतियों को 'वर्क फ्रॉम होम' का सुनहरा अवसर।
सालाना पैकेज 18 हजार से 4 लाख रुपये तक, परिवारों को लाभ।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnea Rojgar Mela 2026: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर 30 और 31 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला-2026 कोसी और सीमांचल क्षेत्र के युवाओं के लिए उम्मीदों और आत्मनिर्भरता का नया द्वार साबित हुआ। पूर्णिया के साथ-साथ कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और अररिया से पहुंचे हजारों युवक-युवतियों ने इस मेले में भाग लिया। दो दिवसीय मेले में कुल 14,345 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
मेले के पहले दिन जहां 7,882 युवाओं का चयन हुआ था, वहीं दूसरे व अंतिम दिन 6,463 अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। दूसरे दिन करीब 9 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया था। मेले की सबसे खास उपलब्धि यह रही कि 300 से अधिक युवतियों को आकर्षक वेतन के साथ 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम करने) का सीधा अवसर मिला। घर बैठे रोजगार मिलने से उन बेटियों के चेहरे खिल उठे, जिनके सामने पारिवारिक या सामाजिक कारणों से बाहर जाकर नौकरी करने की बंदिशें थीं।
18 हजार से 4 लाख तक का पैकेज, हर रोजगार से संवरेगा एक परिवार
सांसद पप्पू यादव ने इस मेले को कोसी-सीमांचल के युवाओं को समर्पित करते हुए कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को 18 हजार रुपये से लेकर 4 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज पर रोजगार मिला है। गरीब और सीमित संसाधनों वाले परिवारों के युवाओं को 17 से 20 हजार रुपये के मासिक वेतन पर नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार केवल एक व्यक्ति की आमदनी नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार की सामाजिक व आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। सांसद ने घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जाएगा ताकि युवाओं को रोजगार के लिए महानगरों में भटकना न पड़े।
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव द्वारा आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला-2026 संपन्न; कुल 14,345 युवाओं का हुआ चयन
पहले दिन 7,882 और दूसरे दिन 6,463 युवाओं को मिले ऑफर लेटर; 18 हजार से 4 लाख रुपये तक के पैकेज पर हुआ प्लेसमेंट
300 से अधिक बेटियों को मिला वर्क फ्रॉम होम (WFH) का अवसर; सांसद बोले— बेटियों को जल्द दी जाएगी AI ट्रेनिंग
कोसी-सीमांचल (पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल व अररिया) के हजारों युवक-युवतियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और AI ट्रेनिंग से जोड़ने का संकल्प
महिलाओं व बेटियों की भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए सांसद ने कहा कि बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और अवसर की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेटियों के सपनों को साकार करने में वे हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे। सांसद ने आने वाले समय में पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की बेटियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की विशेष ट्रेनिंग दिलाने की योजना का भी उल्लेख किया, जिससे वे तकनीकी क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।
जाति-धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं ने दिखाई एकजुटता
पप्पू यादव ने कहा कि इस रोजगार मेले की सबसे बड़ी खूबी यह रही कि युवाओं ने जाति, धर्म, आरक्षण और नफरत की राजनीति से ऊपर उठकर केवल अपने भविष्य और आजीविका के लिए भागीदारी की। उन्होंने कहा कि जब युवा आत्मनिर्भर होंगे, तभी समाज का वास्तविक उत्थान संभव है। सांसद ने युवाओं से कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे सपनों को सीमित न रखें, उनका 'भाई' हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।
