विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में ब्यूटी पार्लर की आड़ में स्मैक का धंधा, संचालिका गिरफ्तार; नशीला पदार्थ और नकदी जब्त

Published: Mon, 24 Aug 2026 01:35 PM (GMT+05:30)

पूर्णिया में पुलिस ने एक ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे स्मैक के कारोबार का भंडाफोड़ किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज। (जागरण)

एआई द्वारा जेनरेट इमेज। (जागरण)

HighLights

  1. ब्यूटी पार्लर की आड़ में स्मैक का कारोबार।

  2. पूर्णिया में संचालिका राधा देवी गिरफ्तार।

  3. 49.71 ग्राम स्मैक और नकदी जब्त।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे स्मैक कारोबार के धंधे का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने पार्लर संचालिका के पास से 49.71 ग्राम स्मैक एवं 33410 रूपये के साथ गिरफ्तार किया। सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर ने रविवार को बताया की वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को सदर और केहाट थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था।

इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की केहाट थाना क्षेत्र के जनता चौक के ध्रुव उद्यान के पास राधा ब्यूटी पार्लर की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर केहाट और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ब्यूटी पार्लर में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने स्मैक रुपये बरामद किया। मौके पर ब्यूटी पार्लर की संचालिका राधा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस रैकेट के मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के बारे में सुराग मिले हैं।

उन्होंने बताया कि पार्लर संचालिका राधा देवी एवं उसका पति स्मैक का कारोबार कर रहा था। पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक की सप्लाई कर रहा था।

यह भी पढ़ें- वैशाली में पुरानी रंजिश में फायरिंग, मौके पर बाइक और कारतूस से भरी मैगजीन छोड़ भागे बदमाश

एसडीपीओ ने बताया कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में स्मैक बेचने के पर्दाफाश के बाद अब ऐसे संस्थानों की सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही इसकी जांच पड़ताल की जाएगी। उन्होंने बताया कि राधा ब्यूटी पार्लर में कब से स्मैक का धंधा चल रहा था, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।

पार्लर संचालिका से पूछताछ में इस धंधे से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आया है,जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

ब्यूटी पार्लर से स्मैक के धंधे का पर्दाफाश फिलहाल शहर की महिलाओं में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूखे नशे के धंधे में तस्करों द्वारा करियर के रूप में महिलाओं का इस्तेमाल हाल के वर्षों से हो रहा है। हाल के महीने में कसबा एवं बायसी पुलिस ने अपने अपने थाना क्षेत्र से दो महिला स्मैक के साथ पकड़ी गई थी।

चार साल पहले पकड़ी गई थी महिला

चार साल पहले मरंगा थाना क्षेत्र की एक महिला मेकअप करके यात्री बस से पश्चिम बंगाल के मालदा जाती थी। जहां से स्मैक लेकर वापस पूर्णिया पहुंचती थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला को मरंगा चौक के पास बस से उतरते ही पकड़ लिया था।

देशी चुलाई शराब के बिक्री एवं करियर में महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है।पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा औसतन आधे दर्जन महिला हर महीने पकड़ी जाती हैं।

न्यू सिपाही टोला में एक किराना दुकान से महिला दुकानदार गांजा भी बेचती थी,जिसे गिरफ्तार किया गया था। इसी प्रकार मुर्गी फार्म रोड में एक गुमटी से स्मैक बेचने महिला कई बार गिरफ्तार हो चुकी है।

लेकिन ब्यूटी पार्लर में जहां समाज की संभ्रांत महिलाएं जाती हैं,वहां स्मैक का कारोबार होना बड़ी बात है। इस तरह के संस्थान से स्मैक की बरामदगी एवं पार्लर संचालिका की गिरफ्तारी शहर की पहली घटना है।

सदर व के हाट थाना क्षेत्र के छापेमारी में कुल 252.48 ग्राम स्मैक बरामद

गुप्त सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने सदर एवं केहाट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 252.48 ग्राम स्मैक बरामद किया।

पुलिस ने रामबाग एमआईटी के पास बाइक सवार से 202.77 ग्राम स्मैक के साथ 41390 रूपये बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त सदर थाना क्षेत्र के खुश्कीबाग अब्दुल्ला नगर का रहनेवाला प्रमोद कुमार है।

इसी प्रकार पुलिस टीम ने केहाट थाना क्षेत्र के जनता चौक स्थित ध्रुव उद्यान के पास राधा ब्यूटी पार्लर में छापेमारी कर 49.71 ग्राम स्मैक बरामद की।

पुलिस ने पार्लर से 33410 रूपये भी बरामद की और संचालिका को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।