विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिफाइंड तेल से लदे लावारिस ट्रक का रहस्य: 1500 में से 450 टीन गायब, पूर्णिया पुलिस के राडार पर ड्राइवर

Published: Wed, 19 Aug 2026 06:40 PM (IST)

जलालगढ़ थाना क्षेत्र के करियात गांव के पास लावारिस हालत में मिले एक ट्रक से करीब 450 टीन स्वास्तिक रिफाइंड ...और पढ़ें

पूर्णिया में लावारिस ट्रक से 450 टीन रिफाइंड तेल गायब, पुलिस जांच में जुटी

पूर्णिया में लावारिस ट्रक से 450 टीन रिफाइंड तेल गायब, पुलिस जांच में जुटी

HighLights

  1. जलालगढ़ में लावारिस ट्रक से 450 टीन तेल गायब।

  2. पुलिस पांच दिनों से मामले की गहन जांच कर रही है।

  3. चालक राजू यादव और सहयोगी संतोष से पूछताछ जारी।

संवाद सहयोगी, जलालगढ़ (पूर्णिया)। थाना क्षेत्र के करियात गांव के समीप 1500 टीन स्वास्तिक रिफाइंड तेल से लदे एक ट्रक के लावारिस अवस्था में मिलने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। ट्रक से करीब 450 टीन रिफाइंड तेल गायब होने की सूचना है। ट्रक के ऊपर लगा त्रिपाल भी आधा खुला मिला है।

जलालगढ़ पुलिस पिछले पांच दिनों से मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

14 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे अररिया जिले के जोगबनी स्थित राजधानी ट्रांसपोर्ट एंड कार्गो से ट्रक (संख्या- WB 03 C 6665) में 1500 टीन स्वास्तिक रिफाइंड तेल लोड किया गया था, जिसे कोलकाता के लिए भेजा गया था। 15 अगस्त की सुबह ट्रक जलालगढ़ थाना क्षेत्र के करियात गांव के समीप लावारिस अवस्था में मिला।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जलालगढ़ थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की और मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान ट्रक से करीब 450 टीन रिफाइंड तेल गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने चालक और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

राजधानी ट्रांसपोर्ट के मालिक विजय कुमार चौधरी ने 16 अगस्त को जलालगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले में जलालगढ़ थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक राजू यादव से पूछताछ की, जिसने अपने सहयोगी संतोष कुमार का नाम लिया।

दोनों गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मंझेलीकलां गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस पिछले पांच दिनों से चालक राजू यादव से पूछताछ कर रही है, जबकि संतोष कुमार से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जलालगढ़ पुलिस ने अररिया जिले के फारबिसगंज और जोगबनी क्षेत्र में भी छापामारी की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक करियात गांव कैसे पहुंचा, तेल कब और कैसे गायब हुआ, और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।

हालांकि, 450 टीन तेल का गायब होना और ट्रक का त्रिपाल आधा खुला मिलना कई सवाल खड़े करता है, लेकिन इन परिस्थितियों के आधार पर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले में चालक समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इसी क्रम में फारबिसगंज और जोगबनी क्षेत्र में छापामारी भी की जा रही है।

जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस घटना की जांच में वैज्ञानिक अनुसंधान और दृष्टिकोण का भी सहारा ले रही है।