सड़क कटी रहने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी
पूर्णिया। पोखरिया से पूरब गेहूंमा जाने वाली सड़क कटने से क्षेत्रीय लोगों के लिए समस्या बनी हुई ह
पूर्णिया। पोखरिया से पूरब गेहूंमा जाने वाली सड़क कटने से क्षेत्रीय लोगों के लिए समस्या बनी हुई है। ज्ञात हो कि बेलगच्छी कन्हरिया मार्ग से पोखरिया, जसबा, पश्चिम गेहुंमा होकर पूरब गेहुंमा तक जाने वाली सड़क मटखवा पुल के दोनों ओर 2017 में आई बाढ़ में कट गई थी जिसकी अबतक मरम्मत नहीं हुई है। इस बार भी आई बाढ़ में कटे स्थान पर काफी पानी जमा हो गया था। अब तक पुल के दोनों ओर सड़क कटी रहने से पोखरिया, चोपड़ा, जसबा, दरगाहीगंज, मिलिक टोला, पूरब और पश्चिम गेहुंमा वासी सहित कई गाव के ग्रामीणों को इस होकर आना मुश्किल हो गया है। सवारी गाड़ी अधिक दूरी तय कर दूसरी सड़क से आती हैं। इसी मार्ग में नीम धार में पुल नहीं रहने से जसबा और पश्चिम गेहुमा के लोगों को पूरब गेहुंमा डीलर के यहां जाने में नीम धार में पानी होकर जाना पड़ता है। वहीं पूरब गेहुंमा, पश्चिम गेहुंमा जसबा ग्रामवासी को मटखवा पुल के दोनों ओर कटे रहने से पोखरिया गाव मुखिया के यहां आने और कन्हरिया मार्ग जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। मुखिया शंभू विश्वास ने बताया कि हल्की बरसात होने पर इस कच्ची सड़क पर कीचड़ इस कदर हो जाती है कि इस सड़क से गुजरना मुश्किल हो जाता है। पंचायत वासी की समस्या देख मुखिया ने कटे स्थान की मरम्मत, सड़क पक्कीकरण और नीम धार पर पुल निर्माण करवाने की माग विधायक से की है।