अवैध संबंध का विरोध करने पर प्रेमिका संग पति ने की हत्या
पूर्णिया। धमदाहा थाना क्षेत्र के मोगलिया पुरंदाहा पश्चिम पंचायत सहनी टोला में अपने पति के अवैध संबंध
पूर्णिया। धमदाहा थाना क्षेत्र के मोगलिया पुरंदाहा पश्चिम पंचायत सहनी टोला में अपने पति के अवैध संबंध का विरोध करना एक विवाहिता को भारी पड़ गया। पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, बनमनखी थाना क्षेत्र के महादेवपुर निवासी सीताराम मंडल ने अपनी बेटी काजल कुमारी (32) का विवाह चार वर्ष पूर्व मोगलिया पुरंदाहा निवासी अरुण सहनी के साथ किया था। मृतका की मां इंदिरा देवी ने बताया कि शादी के एक वर्ष बाद से ही अरुण साहनी उसके साथ दहेज की माग करते हुए लगातार मारपीट एवं प्रताड़ित करता था। इंदिरा देवी ने बताया कि अरुण की पूर्व में भी एक शादी हो चुकी थी लेकिन पहली पत्नी के देहात के बाद काजल से उसने दूसरी शादी रचाई थी। इधर अरुण दहेज की माग को लेकर काजल के साथ रोजाना मारपीट करने लगा। इसी दौरान वह गाव की ही एक महिला के संपर्क में आया दोनों में अवैध संबंध हो गया। इसके बाद तो अरुण का व्यवहार और भी विपरीत हो गया। दोनों मिलकर काजल के साथ मारपीट के साथ अन्य तरीकों से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इधर पति का किसी और महिला के साथ संबंध काजल को नागवार गुजरने लगा वह इसका खुल कर विरोध करने लगी। इसी बात से आजिज होकर मंगलवार की देर रात अरुण एवं उसकी प्रेमिका ने गला दबाकर काजल की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों गाव छोड़कर फरार हो गया। इधर पड़ोसियों के द्वारा बुधवार की सुबह घटना की जानकारी काजल के परिजन को मिली। उनलोगों ने घटना की जानकारी धमदाहा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मा इंदिरा देवी के फर्द बयान पर उसके दामाद अरुण सहनी एवं उसकी प्रेमिका पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।