15 पंचायतों में दो हजार शौचालय निर्माण का लक्ष्य
पूर्णिया। प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों में शत प्रतिशत शौचालय निर्माण को लेकर प्रखंड मुख्यालय में
पूर्णिया। प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों में शत प्रतिशत शौचालय निर्माण को लेकर प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रखंड नोडल पदाधिकारी राजेश गुप्ता ने की। बैठक में नोडल पदाधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इसी माह के 19, 20 तथा 21 तिथि को विशेष अभियान चलाकर बचे हुए शौचालय का निर्माण पूर्ण करवाना है। 22 अक्टूबर को सभी निर्मित शौचालय का जियोटैग कर सभी लाभुकों के खाते में राशि भेजना है। उन्होंने बताया इस अभियान की सफलता को लेकर 18 अक्टूबर को जिले के इंदिरा गाधी स्टेडियम में जिलाधिकारी सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। यह अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा। बैठक में शामिल बीडीओ राकेश कुमार ठाकुर ने बताया प्रखंड की कोहबारा, बिठनौली पूर्व तथा गोआसी पंचायत को छोड़कर शेष 15 पंचायतों में 2 हजार शौचालय निर्माण का लक्ष्य रखा गया है जिसे हर हाल में पूरा करना है। अभियान की सफलता को लेकर पंचायतों के चिन्हित वार्ड के वार्ड सदस्यों की बैठक रविवार को ही प्रखंड मुख्यालय में की गई थी। जिसमें वार्ड सदस्यों से कहा गया है कि स्थानीय ट्रेडर्स से शौचालय निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। निर्माण सामग्री उपलब्ध होने में कोई बाधा उत्पन्न होगी तो तत्काल प्रखंड मुख्यालय से संपर्क करेंगे तो उन्हें तत्काल सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक में उपस्थित प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी चंदन कुमार ने भी अभियान की सफलता को लेकर कर्मियों को जानकारी दी। बैठक में सभी पंचायत सचिव, रोजगार सचिव, आवास सहायक, कृषि सलाहकार एवं समन्वयक, आगनबाड़ी पर्यवेक्षिका, आगनबाड़ी सेविका आदि उपस्थित थे।