पूर्णिया पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का विधायक ने किया स्वागत
पूर्णिया किशनगंज से लौटने के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सदर विधायक के गुलाबबाग स्थित जनसंपक
पूर्णिया : किशनगंज से लौटने के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सदर विधायक के गुलाबबाग स्थित जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे जहां विधायक ने उनका भव्य स्वागत किया। विधायक विजय खेमका ने नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल को अंगवस्त्र तथा पुस्तक भेंट किया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। विधायक कार्यालय में उपस्थित नगर निगम के आधा दर्जन वार्ड पार्षद सरिता राय, लीला देवी, रीमा दास, रिंकू देवी, फुलिया देवी, पूर्व वार्ड पार्षद आमोद सिंह तथा डिमिया के मुखिया प्रदीप साह एवं रामपुर के पूर्व मुखिया धनंजय भगत, प्रदीप दास आदि ने प्रदेश अध्यक्ष को यहां के संगठन से अवगत कराया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले स्थानीय निकाय के सभी जनप्रतिनिधियों का भाजपा परिवार में स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी। विधायक विजय खेमका ने नगर एवं ग्रामीण मंडल के उपस्थित कार्यकर्ताओं का परिचय प्रदेश अध्यक्ष से कराया। विधायक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर सबों को बधाई दी।
विधायक के नेतृत्व में विधान सभा क्षेत्र की सीमा बरसोनी शिवमंदिर चौराहा पर सैकड़ों मोटर साइकिल सवार कार्यकर्ताओं के साथ उनका स्वागत करने पहुंचे। वहां से गुलाबबाग जीरो माइल, सनोली चौक, कटिहार मोड़, बेलोरी चौक आदि स्थानों पर भी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह जिन्दाबाद के नारे लगाए। वहां मंडल अध्यक्ष चंदन पासवान, जयदेव पोद्दार, राजकुमार यादव, बिजय माझी, राजेश चौरसिया, प्रकाश दास, अजित सिन्हा, मिथलेश पोद्दार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।