पटुआ निकालने गए मजदूर की डूबकर मौत
पूर्णिया। धमदाहा प्रखंड के अंतर्गत पारसमनी पंचायत स्थित लखिनजान नदी में शुक्रवार को पटुआ निकालन
पूर्णिया। धमदाहा प्रखंड के अंतर्गत पारसमनी पंचायत स्थित लखिनजान नदी में शुक्रवार को पटुआ निकालने गए एक मजदूर की डूबने से मौत हो गई। 45 वर्षीय मृतक जाकव टूड्डू इसी पंचायत के पक्का टोला का निवासी था। लोगों ने बताया कि वह मजदूरी पर नदी से पटुआ की गद्दी से बोझा निकाल रहा था। लोगों की आशंका है कि नदी में फैले करमी में जाकव का पांव उलझने के कारण वह पानी से बाहर नहीं निकल पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि लोगों द्वारा काफी प्रयास के बावजूद भी मृतक के शव को नहीं ढूंढा जा सका। इधर मृत्यु की खबर पाकर मृतक के परिजन में कोहराम मच गया तथा उनकी पत्नी तुलमुनि हासदा का रो-रोकर बुरा हाल है। वे चार पुत्री एवं एक पुत्र के पिता थे। सूचना पर सरसी पुलिस के एएसआइ अनिल कुमार सिंह एवं अंचलाधिकारी धमदाहा अमर कुमार चौधरी घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला तथा पोस्टमार्टम हेतु भेजा। अंचलाधिकारी ने बताया कि तत्काल कबीर अंत्येष्टि के तहत निर्धारित राशि दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सरकार द्वारा दी जाने वाली आपदा संबंधी राशि पर विचार किया जाएगा।