पीडीएस की स्थिति अच्छी नहीं, सुधार के लिए करें प्रयास
पूर्णिया: जनवितरण प्रणाली की दुकानों को पूरी तरह से जनोपयोगी और पारदर्शी बनाने के लिए उ
पूर्णिया: जनवितरण प्रणाली की दुकानों को पूरी तरह से जनोपयोगी और पारदर्शी बनाने के लिए उसका पूरी तरह से डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। सभी डीलरों को इपीओएस मशीन से लैस किया जा रहा है तथा अन्य डिजिटल सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही है। उक्त बातें कैमूर (भभुआ) के जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने प्रमंडलीय सभागार में शुक्रवार को कही। वे जन वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा टारगेटेड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को कुशलतापूर्वक लागू किए जाने के लिए प्रमंडलीय सभागार में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इसमें प्रमंडल के सभी चारों जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे। मास्टर ट्रेनर कैमूर (भभुआ) के जिला आपूर्ति पदाधिकारी पीके झा ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के कार्यान्वयन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में जन वितरण प्रणाली की स्थिति अच्छी नहीं है, उसे बेहतर बनाने के लिए अधिकारी प्रयास करें।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पीके झा ने आपूर्ति से संबंधित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 में समय-समय पर किए गए संशोधन की जानकारी दी। उन्होंने टीपीडीएस के कार्यक्रम को कुशलतापूर्वक लागू करने के संबंध में विस्तार से बताया। जन वितरण प्रणाली में सरकार के स्तर से किए जा रहे सुधारात्मक प्रयास की विस्तृत जानकारी उन्होंने अधिकारियों को दी। उन्होंने डिजिटलाइजेशन के संबंध में अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में चारों जिले के जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एडीएसओ, आपूर्ति निरीक्षक, राज्य खाद्य निगम के प्रबंधक, आरटीए सचिव धीरेंद्र पासवान, आयुक्त कार्यालय के मुकेश दत्त शर्मा, रशीद इकबाल, अजय कुमार पिंटू आदि मौजूद थे।