महिला की मौत मामले में नया मोड़, बहन ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी
पूर्णिया। थाना क्षेत्र के परोरा पंचायत वार्ड न. 13 में अर्चना देवी की संदेहास्पद स्थिति में मौत मामले
पूर्णिया। थाना क्षेत्र के परोरा पंचायत वार्ड न. 13 में अर्चना देवी की संदेहास्पद स्थिति में मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की बहन ने बुधवार को केनगर थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है। बहन वर्षा देवी ने हत्या का आरोप अर्चना देवी के पति, ससुर तथा सास पर लगाया है। वर्षा देवी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसकी बहन की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व परोरा के विश्वजीत चौधरी के साथ हुई थी। उसे पाच वर्ष की पुत्री भी है। पुत्री के जन्म के कुछ दिनों बाद से ही विश्वजीत उसके साथ मारपीट करने लगा। उसे गर्म लोहे से भी दागा जाता था। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी बहन को जिंदा जलाने का भी प्रयास हुआ था। समय-समय पर घटना की जानकारी उसकी बहन देती रहती थी। कई बार वे लोग परोरा आकर उन लोगों को समझाकर समझौता भी करवाए थे परंतु उसके बाद भी पति, ससुर नवीन चौधरी तथा सास सुमित्रा देवी उसकी बहन के साथ मारपीट करते रहते थे। अंतत: गत शुक्रवार की रात तीनों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रकाश ने बताया कि घटना दर्ज कर ली गई है। आरोपितों पर धारा 304 बी/ 34 लगाया गया है। घटना की जांच की जा रही है।