पूर्णिया के स्कूल में बच्चियों से धुलवाए जा रहे थे MDM के बर्तन, वीडियो वायरल होने पर HM सस्पेंड
पूर्णिया के कसबा स्थित मध्य विद्यालय सिमरिया में बच्चों से मध्याह्न भोजन के बर्तन धुलवाने का मामला सामने आया है।
HighLights
कसबा के मध्य विद्यालय सिमरिया में बच्चों से बर्तन धुलवाए गए।
वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने मामले पर संज्ञान लिया।
प्रधानाध्यापक निलंबित, रसोइया को चयनमुक्त करने का निर्देश।
संवाद सूत्र, कसबा (पूर्णिया)। सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना को लेकर आए दिन विसंगतियां सामने आती रही है। ताजा मामला विभाग की मॉनिटरिंग पर एक गंभीर सवाल है।
कसबा कसबा प्रखंड क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय सिमरिया में एमडीएम का बर्तन बच्चों से ही धुलवाने का मामला सामने आया है।
इस संदर्भ का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है।
तत्काल करायी गई जांच
वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कसबा एवं प्रखंड साधन सेवी, पीएम पोषण योजना से मामले की जांच करायी गई।
जांच में पूरा मामला सही पाया गया। इस जांच प्रतिवेदन के आधार पर स्कूल के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
संबंधित रसोईया को चयनमुक्त करने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना, पूर्णिया को निदेशित किया गया है। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रखंड साधन सेवी, पीएम पोषण योजना, कसबा से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बर्तनों की लगी थी ढेर, घिस रही थी बच्चियां
वायरल वीडियो में स्कूल की पूरी अव्यवस्था उजागर हो रही है। वर्ग कक्ष के बरामदे पर एमडीएम बनाने के बर्तनों का ढेर लगा हुआ है और मासूम बच्चियां इसे घिस-घिस कर साफ करने में जुटी हुई है।
अभिभावकों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। स्कूल में अक्सर इन बच्चियों से ही बर्तन धुलवाया जाता रहा है। कई बार कुछ अभिभावकों ने इसपर विरोध भी जताया था, लेकिन स्कूल प्रधान ने कभी इस पर संज्ञान नहीं लिया।
स्कूल प्रधान की शह पर ही बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराया जाता रहा था। मामले में सतत निगरानी नहीं रखने को लेकर ही जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद कुमार प्रकाश द्वारा प्रखंड साधन सेवी, पीएम पोषण योजना, कसबा से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
विभाग की इस सख्त कार्रवाई से प्रखंड के अन्य विद्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है। साथ ही अभिभावकों ने भी तत्परता पूर्ण कार्रवाई पर संतोष जताया है।
यह भी पढ़ें- गयाजी में स्मार्ट क्लास में भोजपुरी गाने पर छात्रों ने लगाए ठुमके, वीडियो वायरल, DEO ने 8 टीचरों को भेजा नोटिस
