मुहर्रम आज, 517 अखाड़ों से निकलेगा मातमी जुलूस
-दुर्गा पूजा एवं मोहर्रम के लिए लाइसेंस लेना किया गया अनिवार्य जासं,पूर्णिया: जिले में दुर्गा पूजा एवं मोहर्रम का त्योहार शांति पूर्ण माहौल में मनाया जायेगा। जिला प्रशासन ने एहतियातन पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है। जिला अधिकारी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को शत-प्रतिशत लाइसेंस की अनिवार्यता एवं लाइसेंस की शर्तो का अक्षरश अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। महासप्तमी से विजयादशमी तक विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी पूजा स्थल, अन्य महत्वपूर्ण स्थल, थाना, जिला नियंत्रण कक्ष एवं अनुमंडल में दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पूर्णिया। जिले में मुहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जायेगा। जिला प्रशासन ने एहतियातन पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को शत-प्रतिशत लाइसेंस की अनिवार्यता एवं लाइसेंस की शर्तो का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष एवं अनुमंडल में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिले में 517 स्थलों पर मुहर्रम का त्योहार मनाया जायेगा। 517 अखाड़ों के आयोजकों ने जुलूस के लिए प्रशासन से लाइसेंस लिया है। त्योहार के सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाये जाने के लिए शांति समिति, आयोजक, डीजे संचालक आदि के साथ पूर्व में ही विभिन्न स्तरों पर बैठक करके महत्वपूर्ण निर्देश दिये गए हैं। सभी आयोजकों को लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में पूर्व से ही निदेश दिया जा चुका है।
सदर अनुमंडल में 114 स्थलों पर, धमदाहा अनुमंडल में 63 स्थलों पर, बनमनखी अनुमंडल में 68 स्थलों पर तथा बायसी अनुमंडल में 41 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ सशस्त्र बल, लाठीबल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में कुल 18 सुरक्षित दंडाधिकारी के अलावा धमदाहा, बनमनखी एवं बायसी अनुमंडल में सुरक्षित दंडाधिकारी को तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी अनुमंडल क्षेत्र में वीडियोग्राफर भी नियुक्त किए गए हैं। सदर अनुमंडल क्षेत्र में लगभग 30 वीडियोग्राफर नियुक्त किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से त्योहार को लेकर चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था की गई है। डीएम एवं एसपी ने सभी धर्मों के लोगों से आपसी सौहार्द एवं मिल्लत के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया है।