वार्ड आयुक्तों के हो रहे भयादोहन व अपहरण के जांच की मांग
पूर्णिया। मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक माहौल गरम होता जा रहा है। राज
पूर्णिया। मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक माहौल गरम होता जा रहा है। राजनीतिक दल से लेकर राजनीतिक संगठन तक इसमें सक्रिय हो गये हैं। राष्ट्रीय बहुजन क्रांति मोर्चा के सदस्यों ने शनिवार को एसपी को मिलकर नगर क्षेत्र के एसटी-एससी वर्ग एवं कमजोर वर्ग के वार्ड पार्षदों के भयादोहन पर सवाल उठाया है तथा उसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मोर्चा के शिष्टमंडल ने कहा है कि दबाव बनाकर ऐसे कमजोर वार्ड आयुक्तों का अपहरण किया जा रहा है तथा प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
सौंपे गए आवेदन में मोर्चा के आलोक यादव ने कहा है कि नगर निगम क्षेत्र के वर्तमान महापौर के विरोध में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इसको लेकर शहर में पैसा और पावर का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है। बाहुबल पर कमजोर वार्ड आयुक्तों को उठाया जा रहा है। निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 एवं 46 की महिला वार्ड पार्षद के पुत्रों ने स्थानीय थाना में लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई है। लगभग दो हफ्ता से इनके परिजन काफी बेचैन हैं। लेकिन पुलिस की चुप्पी समझ से परे है। अब तक दर्ज प्राथमिकी पर कार्रवाई नहीं किया जाना पुलिस की मंशा पर भी सवाल खड़े करता है। वार्ड पार्षदों के खरीद-फरोख्त की चर्चा जोरों पर है, इसमें करोड़ों का खेल हो रहा है। जनप्रतिनिधि खुल्लम-खुल्ला कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मोर्चा नेता ने कहा है कि ज्यादातर वार्ड पार्षद शहर से गायब हैं। जिस कारण निगम क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। शहर का विकास कार्य ठप पड़ा है। उक्त मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग बहुजन समाज पार्टी के अध्यक्ष अजय कुमार पासवान, भारत मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव, बहुजन जनक्रांति के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार यादव, बहुजन क्रांति मोर्चा के प्रमंडलीय प्रभारी आलोक कुमार आदि ने की है।