बिहार में फिर एक लड़की से हैवानियत, वीडियो बना वायरल करने की दी धमकी
बिहार में फिर एक लड़की के साथ हैवानियत मा मामला सामने आया है। अपराधियों ने इसका वीडियो बना वायरल करने की भी धमकी दी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार में इन दिनों छेड़खानी व दुष्कर्म के वीडियो बना उन्हें वायरल करने के कई मामले सामने आए हैं। ताजा घटना पूर्णिया सदर थाना क्षेत्र की है। एक घर में लड़की को अकेली पाकर तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। पीडि़त लड़की ने तीनों युवकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी है।
पीडि़त लड़की के अनुसार बीते दिनों वह घर में अकेली थी। इस दौरान एक युवक विशाल घर में आया। उसके पीछे सचिन व अर्जुन भी घर में घुस गए। तीनों उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर दुष्कर्म किया। युवकों ने मोबाइल से दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया।
उन्होंने घटना की जानकारी किसी को देने पर पूरे परिवार की हत्या तथा वीडियो वायरल कर देने की धमकी दी। घटना के बाद लड़की ने तीनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। लड़की ने न्यायालय में भी बयान दर्ज करा दिया है। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। महिला थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने बताया कि तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।