बाल वैज्ञानिकों के सपनों को मिलेगी उड़ान, पूर्णिया में 28 करोड़ की लागत से बन रहा स्कूल
पूर्णिया के डगरूआ में 28 करोड़ की लागत से जिले का पहला एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान आवासीय विद्यालय बन रहा है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पूर्णिया में पहला एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान आवासीय विद्यालय।
28 करोड़ की लागत से 1.3 एकड़ में निर्माण कार्य प्रगति पर।
छात्रों को आईआईटी, नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जिले के डगरूआ में जिले का पहला एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उक्त विद्यालय इस क्षेत्र के लिए नजीर बनेगा। यहां छात्रों काे उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी जिससे यहां के बच्चे बाल वैज्ञानिक सहित अन्य क्षेत्रों में अपना सिक्का जमा सकेंगे।
डीएम अंशुल कुमार ने डगरूआ के डीसीएलआर को उक्त विद्यालय की जमीन की मापी कर सीमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है ताकि स्कूल के निर्माण में आगे कोई कानूनी अड़चन नहीं आए।
डगरूआ के मोहमदिया में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम अंतर्गत अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अब्दुल कलाम विज्ञान आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।
9 से 12 तक के छात्रों की पढ़ाई
उक्त स्कूल 1.3 एकड़ में लगभग 28 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है जिसका कार्य प्रगति पर है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि उक्त विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की पढ़ाई होगी।
विद्यालय पूर्णत: आवासीय होगा जिसमें छात्रों को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। यहां छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जाएगी।
इससे यहां के छात्रों को आईआईटी, नीट सहित अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायता मिलेगी। छात्रों के सपनों को यहां उड़ान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त विद्यालय के निर्माण के प्रति डीएम अंशुल कुमार गंभीर हैं।
उन्होंने समीक्षा बैठक में उक्त विद्यालय के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है। विदित हो कि साप्ताहिक समीक्षा बैठक में डीएम ने भूमि आवंटन एवं अवसंरचना निर्माण पर विशेष बल दिया तथा अधिकारियों को इसके निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने को कहा है।
डीएम ने डगरुआ प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन अब्दुल कलाम आवासीय विद्यालय सहित धमदाहा वार्ड नंबर 17 में आदर्श मध्य विद्यालय निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि का प्रस्ताव भी तय समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी धमदाहा को दिया है।
वहीं, बैठक में डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय में 72 बेड वाले पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय का भी निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए चूनापुर पुल के समीप भूमि का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को दिया है।
बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा अधिकारियों को लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- पहले शिक्षक, फिर अफसर... अब बिहार में निगरानी की कार्रवाई के घेरे में दंपती; पति ADM तो पत्नी 13 साल से सब-रजिस्ट्रार
