'मेरे लिए वो मर चुकी है', बेटी ने दूसरी जाति में की शादी, तो पिता ने जीवित पुत्री की निकाली शवयात्रा
पूर्णिया में एक पिता ने अंतरजातीय विवाह करने वाली अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने बेटी ...और पढ़ें

बेटी ने दूसरी जाति में की शादी, तो पिता ने जीवित पुत्री की निकाली शवयात्रा
HighLights
पिता ने अंतरजातीय विवाह करने वाली जीवित बेटी का अंतिम संस्कार किया।
बेटी का पुतला बनाकर अर्थी निकाली और श्मशान में मुखाग्नि दी।
पूर्णिया के चपय गांव में इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।
संवाद सूत्र, हरदा (पूर्णिया)। यह ऑनर किलिंग का मामला तो नहीं है, लेकिन एक पिता के कठोर कदम से हर कोई स्तब्ध है। अंतरजातीय विवाह (Inter-caste Marriage News) से नाराज पिता ने जीवित पुत्री का ही अंतिम संस्कार कर दिया। खुद के हाथों से बेटी का पुतला तैयार कर उसकी अर्थी सजाई। शवयात्रा भी निकाली और फिर श्मशान में चिता सजा उसे मुखाग्नि भी दी।
इस शवयात्रा में ग्रामीणों की भी भीड़ शामिल रही। पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड क्षेत्र के चपय गांव में मंगलवार को जीवित पुत्री की धू-धू कर जलती इस चिता से उठी सवालों की चिंगारी हर तरफ फैली रही।
आठ सितंबर को दूसरी जाति के लड़के के साथ भागी थी रिया
चपय गांव निवासी मनोज गोस्वामी की पुत्री रिया कुमारी आठ सितंबर को दूसरी जाति के एक लड़के के साथ घर से फरार हो गई थी। अपहरण की आशंका को लेकर पिता ने मरंगा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही पुत्री की बरामदगी के लिए थानों का चक्कर काट रहे थे।

दो दिन पूर्व पुलिस ने दिल्ली से उसे बरामद कर लिया। साथ ही कोर्ट में उसका बयान भी दर्ज कराया गया। कोर्ट में पुत्री द्वारा लड़के के पक्ष में बयान देने पर पिता आहत हो गए और इस चिता के जरिए ही रिश्ते की आहूति देने का निर्णय ले लिया। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों से भी सहयोग मांगा और अंतिम संस्कार के साथ विधिवत श्राद्ध करने की भी ठान ली है।
सुबह-सुबह ही गांव में दिया शव यात्रा का न्योता
स्वजनों व ग्रामीणों के अनुसार पिता मनोज गोस्वामी ने सोमवार की रात से ही पुत्री की अंतिम संस्कार की तैयारी शुरु कर दी। स्वजनों ने उसका पुतला तैयार किया। साथ ही पुत्री की तस्वीर वाला पोस्टर भी बनाया।
सुबह में गांव में शवयात्रा में शामिल होने का न्योता भी दिया गया। हिंदू रीति-रिवाज से घर से अर्थी निकली और उसका शवदाह किया गया।

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है रिया
मनोज गाेस्वामी को तीन संतानें हैं। उसमें रिया सबसे बड़ी है। मनोज गोस्वामी छोटे किसान हैं और किसानी से ही परिवार का भरण-पोषण के साथ बच्चों का पढ़ाई का खर्च वहन कर रहे हैं।
स्वजनों ने बताया कि बेटी की पढ़ाई को लेकर वे आरंभ से ही काफी सक्रिय रहे थे। रिया अभी बीए पार्ट वन की छात्रा है। उससे पिता के कई अरमान जुड़े थे। बेटी के पक्ष को लेकर वे घर व परिवार के लोग से भी झगड़ जाते थे।

इसी बीच पुत्री के दूसरी जाति के लड़के के साथ भागकर शादी रचा लेने व फिर कोर्ट में भी लड़के के पक्ष में बयान देने से वे आहत हो गए।
पिता ने कहा कि बेटी ने उसके हर अरमान को तोड़ दिया। परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी उसने तार-तार कर दिया, इसलिए उन्होंने हमेशा के लिए रिश्ता खत्म करने के लिए यह कदम उठाया है।
