Move to Jagran APP

पूर्णिया: 40 मिनट तक डकैतों के कब्जे में रहा पूरा गांव, डकैतों ने फायर भी झोंके, 24 घंटे बाद भी लोग खौफजदा

40 मिनट तक सलता गांव डकैतों के कब्जे में रहा था। बम बिस्फोट व ताबड़तोड़ फायरिंग के चलते लोग घर का दरवाजा तक खोलने का हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़ाव व विषम भौगोलिक स्थिति से डकैत हर बार सुरक्षित निकल जाते हैं।

By Prakash VatsaEdited By: Yogesh SahuPublished: Sat, 18 Feb 2023 06:20 PM (IST)Updated: Sat, 18 Feb 2023 06:20 PM (IST)
पूर्णिया: 40 मिनट तक डकैतों के कब्जे में रहा पूरा गांव, डकैतों ने फायर भी झोंके, 24 घंटे बाद भी लोग खौफजदा
40 मिनट डकैतों के कब्जे में रहा पूरा गांव, डकैतों ने फायर भी झोंके, 24 घंटे बाद भी लोग खौफजदा

प्रकाश वत्स, पूर्णिया। अमौर थाना क्षेत्र के खाड़ी महीन पंचायत के सलता गांव में गुरुवार की रात पंचायत के मुखिया सह ईंट भट्ठा मालिक साबिर आलम के घर हुई भीषण डकैती की वारदात का खौफ पूरे बायसी अनुमंडल क्षेत्र में सिर चढ़कर बोल रहा है।

loksabha election banner

यह खौफ बेजा भी नहीं है। पूरे 40 मिनट तक सलता गांव डकैतों के कब्जे में रहा था। बम बिस्फोट व ताबड़तोड़ फायरिंग के चलते लोग अपने घर का दरवाजा तक खोलने का हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

पंचायत के मुखिया के घर ही इस तरह की वारदात से लोगों को भयाक्रांत कर दिया है। बायसी अनुमंडल क्षेत्र में यह डकैती की पहली घटना नहीं है।

17 जनवरी को बायसी थाना क्षेत्र के कदवा बगवा टोली गांव में 10-12 की संख्या में आये डकैतों ने एक संवेदक के घर भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

पश्चिम बंगाल के बदमाशों की संलिप्तता का संदेह, चल रही जांच

बायसी अनुमंडल का जुड़ाव पश्चिम बंगाल की सीमा से है। महानंदा, परमान व कनकई नदी से घिरे इस अनुमंडल की भौगोलिक स्थिति भी काफी विषम है।

मुखिया के घर के हुई भीषण डकैती में भी स्थानीय सहित पश्चिम बंगाल के गिरोह के संलिप्तता का संदेह पुलिस को है और उसी आधार पर इसकी जांच भी चल रही है।

सलता गांव में पीड़ित मुखिया का घर भी प्रधानमंत्री सड़क के किनारे अवस्थित है। यह सड़क खाड़ी महीन से मल्हाना गांव स्थित महानंदा नदी के तट तक जाती है।

महानंदा में वहां पुल नहीं बना और लोग अब भी नाव से आवागमन करते हैं। नदी पार किशनगंज का मुहम्मदपुर गांव है और उसकी पूरब से पश्चिम बंगाल की सीमा शुरु हो जाती है। माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद डकैत इसी रास्ते से भागे।

पूर्व में हो चुकी है डकैती की कई बड़ी वारदात

गत 17 जनवरी को डकैतों ने बायसी के कदवा बगवा टोली गांव में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। यहां संवेदक मु. मुस्तकीम के घर वारदात को अंजाम दिया गया था।

इससे पूर्व वर्ष 2017 व वर्ष 2018 में भी इस थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में डकैती की घटना हुई थी।

रात 11 बजे के करीब डकैतों ने कर ली थी मोर्चाबंदी

25-30 की संख्या में पहुंचे डकैत रात के करीब 11 बजे गांव में प्रवेश कर गया था। प्रवेश करते ही डकैतों ने मुखिया के पूरे आवास को अपने कब्जे में ले लिया।

कुछ डकैत उनके घर में प्रवेश कर गये तो कुछ ने बाहर मोर्चा संभाल लिया। शोरगुल के बाद आसपास के लोगों की नींद खुल गयी और कुछ लोग मुखिया की घर के समीप आने लगे।

यह देख डकैतों ने बम बिस्फोट व फायरिंग शुरु कर दी। इससे बाहर निकले लोग भी फिर से घरों में दुबक गये और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जब तक वहां पहुंचती तब तक डकैत वहां से निकल चुके थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.