भीड़ का इंसाफ : पुलिस के सामने डकैती के आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
पूर्णिया के रुपौली के बसंतपुर महादलित टोला में बुधवार की रात एक डकैत की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ग्रामीण तब आक्रोशित हो गए, जब डकैतों ने वारदात के क्रम में दो भाइयों को गोली मारकर घायल कर दिया।
पूर्णिया। रुपौली के बसंतपुर महादलित टोला में बुधवार की रात एक डकैत की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ग्रामीण तब आक्रोशित हो गए, जब डकैतों ने वारदात के क्रम में दो भाइयों को गोली मारकर घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, संतपुर महादलित टोला में 25 डकैत पहुंचे। उन्होंने गांव को घेरकर डकैती की वारदात को अंजाम देना आरंभ किया। इसका विरोध करने पर डकैतों ने दो भाइयों संजय तथा बौवा रविदास को गोली मारकर घायल कर दिया।
इसके बाद लोग डकैतों से भिड़ गए। उन्होंने उनमें से एक को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिससे मौके ही उसकी मौत हो गई। भीड़ के आक्रोश के सामने बेबस बनी पुलिस बाद में शव को कब्जे में लेकर चली गई।
डकैतों की गोली से घायल दोनों भाइयों का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मृतक डकैत की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।