पटना में लूटपाट का विरोध करने पर मारपीट कर फोड़ा युवक का सिर, फिर पेट में गोद दिया चाकू Patna News
राजधानी के राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को लूपपाट का विरोध करना महंगा पड़ा। बदमाशों ने पहले तो उसके साथ मारपीट की फिर चाकू गोद दिया।
पटना, जेएनएन। राजधानी में अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसका ताजा उदाहरण पत्रकारनगर थाना इलाके में देखने को मिला। शुक्रवार की रात 10 बजे कोलकाता में प्राइवेट नौकरी करने वाले हर्षबर्धन को बदमाशों ने चाकू मार कर जख्मी कर दिया। हालांकि स्थिति नाजुक बनी हुई है। निजी नर्सिग होम में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक हर्षबर्धन कोलकाता से ट्रेन से पटना राजेंद्र नगर टर्मिनल उतरे थे। इसके बाद वे पैदल राजेंद्र नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे राजेंद्र नगर पुल के नीचे पहुंचे ही थे कि वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनका सामान और पैसा लूटने लगे। जब इन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें पहले तो बुरी तरह मारा पीटा। इसके बाद पेट में चाकू मार दिया।
राहगीरों ने जख्मी देख पुलिस को दी सूचना
घटना में हर्षबर्धन का सिर फट गया। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। राहगीरों ने जख्मी हालत में इसे देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद मौके पर पत्रकारनगर थाने की पुलिस पहुंची और इलाज के लिए अस्पताल ले गई। वहीं जानकारी के बाद इसके परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है।
चोरी करते रंगेहाथ दबोचा, चेन व मोबाइल बरामद
चौक थाना क्षेत्र के चौकशिकारपुर दराब टोली मोहल्ला स्थित एक घर में घुसे चोर को गृहस्वामी ने पकड़ पुलिस के हवाले किया। गिरफ्तार चोर के पास गृहस्वामी की पत्नी की चेन व मां का मोबाइल बरामद हुआ। गिरफ्तार के बयान पर पुलिस फरार दो चोरों की खोज में छापेमारी कर रही है।
चौकशिकारपुर दराब टोली निवासी अरूण कुमार उपाध्याय उर्फ मल्लू बाबा ने बताया कि वे कमरे में पत्नी तथा बच्चों के साथ सोए थे। रात लगभग 12:30 बजे अचानक एहसास हुआ कि कमरे में हलचल हो रही है। गौर से देखा तो पाया कि कमरे में घुसा एक चोर अलमीरा खोलने का प्रयास कर रहा है। नींद खुल जाने से वह पकड़ा गया। युवक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से मां का मोबाइल मिला। दूसरी जेब से पत्नी के गले की चेन मिली। गृहस्वामी ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार मो. शाहिद ने बताया कि वह नून का चौराहा का रहने वाला है। वह दो साथियों के साथ चोरी करने आया था। गिरफ्तार से पुलिस पूछताछ कर रही है।