पटना में प्रेम-प्रसंग को लेकर उपजे विवाह के बाद युवक के सिर में गोली मारकर हत्या
पटना के बाढ़ थाना अंतर्गत भेंटगांव में आपसी विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच राजधानी में शनिवार की सुबह हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। बाढ़ थाना क्षेत्र के भेंटगांव में में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज कुमार उर्फ गोलू (20) के रूप में हुई है।
प्रेम-प्रसंग में की गई युवक की हत्या!
जानकारी होने पर बाढ़ थाने की पुलिस पहुंच गई है। मौत की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग को लेकर उपजे विवाद के बाद हत्या का लगा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाढ़ थाने की पुलिस का कहना है कि एफआइआऱ होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाढ़ थाना क्षेत्र के भेंटगांव के रहने वाले सूरज कुमार का पड़ोस के गांव की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। बताया जाता है कि इसी मामले को लेकर शनिवार की सुबह कहासुनी बढ़ गई। इसी बीच लड़की के भाई ने तैश में आकर दूसरे पक्ष के सूरज कुमार उर्फ गोलू को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। वहीं गोली लगने से घायल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपित फरार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के आरोपित फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस कैंप कर रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी एफआइआर नहीं दर्ज कराई गई है।