अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, महिला समेत तीन हिरासत में
बिहार के पटना जिले में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा गांव में गुरुवार की देर रात धर्मदेव राय की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार अवैध संबंध को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। वारदात की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। मामले में महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार धर्मदेव गुजरात में निजी कंपनी में काम करते थे। गुरुवार की रात वह गुजरात से पटना करीब साढ़े आठ बजे पहुंचे थे। लोगों के अनुसार वहां से करीब दो लाख रुपये कमाकर लाए थे। उक्त राशि में 50 हजार रुपये उन्होंने घर में रख दिया और डेढ़ लाख लेकर गांव में निकले। एक रिश्तेदार के यहां गए।
रात में करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को फोन आया कि एक घर में चोर घुस गया है। जब मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां धर्मदेव राय लहूलुहान अवस्था में पड़ा। पुलिस धर्मदेव राय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पास से रुपये बरामद नहीं हुए। इसके बाद पुलिस घरवालों को सूचित किया।
इधर, ग्रामीणों का कहना है कि धर्मदेव राय के अपने ही महिला रिश्तेदार से अवैध संबंध थे। इसी वजह से उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।