युवाओं को निजी कंपनियों में अप्रेंटिसशिप का मिलेगा मौका
एसोचैम और बिहार उद्यमी संघ (बीईए) की ओर से होटल चाणक्या में शुक्रवार को नेशनल समिट का आयोजन
पटना। एसोचैम और बिहार उद्यमी संघ (बीईए) की ओर से होटल चाणक्या में शुक्रवार को नेशनल समिट-कम-अवार्ड ऑन एक्सीलेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, एमवे के उपाध्यक्ष सीबी चक्रवर्ती, बीईए के सेक्रेटरी अभिषेक कुमार और बीईए के अध्यक्ष पंकज सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उद्योग ही उद्योग का सृजन करता है। उन्होंने कहा कि बिहार में श्रम शक्ति की कमी नहीं है। इसके सदुपयोग की जरूरत है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योग के लिए जरूरी बिजली, सड़क जैसी जरूरी सुविधाएं चाहिए उपलब्ध हैं। बस एक सकारात्मक वातावरण बनाने की जरूरत है। रोजगार के लिए लाइन में ना लगें, बल्कि स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाएं। श्रम मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योग भले कम हैं, लेकिन बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां मार्केटिंग कर रही हैं। इन कंपनियों के कारखाने देशभर में चाहे जहां भी हों, वहां बिहार के युवाओं को अप्रेंटिसशिप की ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। इससे सभी पक्षों को फायदा होगा। युवाओं को रोजगार और कंपनियों को कुशल श्रम चाहिए। सरकार की योजना से दोनों मकसद सिद्ध होंगे। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए जरूरी उपाय करने होंगे। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा में सुधार की जरूरत जताई। कार्यक्रम के तकनीकी सत्र का संचालन अभिषेक कुमार, हिमाशु शेखर ने किया। स्वागत भाषण एसोचैम, राची क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक भरत जायसवाल ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन बीईए के महासचिव अभिषेक कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग कोटि में बेहतर प्रदर्शन के लिए कई कंपनियों और उद्यमियों को सम्मानित किया गया।