Yaas Cyclone: यास तूफान के कारण पटना में 14 फ्लाइटें हुईं रद, 16 घंटे के बाद शुरू हो सका यातायात
Yaas Cyclone Impact in Bihar शुक्रवार को नौ बजे सुबह से ही विजिबिलिटी में परेशानी नहीं हो रही थी। कल की अपेक्षा आज हवा में भी उतनी तेजी देखने को नहीं मिल रहा था। बारिश भी जोरदार नहीं हो रही हो रही थी।
पटना, जागरण संवाददाता। चक्रवाती तूफान यास के कारण राजधानी में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश होने के कारण जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पटना को गुरुवार की देर शाम 6.45 बजे से ही बंद करना पड़ गया था। देर रात तक हालात सामान्य नहीं होने पर इस एयरपोर्ट पर दूसरे दिन शुक्रवार नौ बजे तक विमानों का परिचालन बंद रखा गया। शुकवार को सदस्यों व विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मौसम साफ होने की बात कह विमानों का परिचालन शुरू किया गया। इस तरह से पटना एयरपोर्ट से विमानों का परिचालन पूरे 14 घंटे 15 मिनट तक बंद रखा गया। हालांकि पहली विमान के रूप में इंडिगो की दिल्ली से आने वाली विमान संख्या 6ई 5003 पटना एयरपोर्ट पर 10.43 बजे लैंड की। इस तरह 16 घंटे बाद विमानों की लैंडिंग इस एयरपोर्ट पर शुरू हो सकी।
14 विमानों के परिचालन को किया गया रद
गुरुवार की शाम से शुक्रवार को दस बजे तक के बीच में पटना एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली अथवा उड़ान भरने वाले 14 विमानों के परिचालन को रद करना पड़ा। इनमें से एक गुवाहाटी मुंबई विमान को पटना लाए बगैर सीधे मुंबई के लिए डायवर्ट कर दिया गया। अचानक विमानों के रद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक उन्हें टिकट वापसी के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
अधिकांश यात्रियों को दूसरे दिन यात्रा के लिए किया बाध्य
अधिकांश यात्रियों को दूसरे दिन यात्रा करने को बाध्य किया गया। कुछ यात्रियों से आगे की यात्रा में इस टिकट की राशि को एडजस्ट करने के लिए बाध्य किया गया। अधिकांश यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट ले रखा जिन्हें ऑनलाइन ही वापस करने को कहा जा रहा था टिकट वापसी में हो रही परेशानी एवं अचानक विमानों के रद होने से यात्रियों में काफी आक्रोश था।
इसके कारण कई बार विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों व यात्रियों के बीच तू-तू,मैं-मैं भी होते रही। विस्तारा एयरलाइंस के विमान को बीचरास्ते से ही वापस किए जाने के कारण यात्रियों को फिर से दिल्ली वापस लौटना पड़ा था। इनमें से अधिकांश यात्रियों को आज दूसरे दिन इसी विमान से पटना लाया गया।
शुक्रवार को नौ बजे सुबह से ही विजिबिलिटी में परेशानी नहीं हो रही थी। कल की अपेक्षा आज हवा में भी उतनी तेजी देखने को नहीं मिल रहा था। बारिश भी जोरदार नहीं हो रही हो रही थी। इसके कारण जिन विमानों को उड़ान भरना था उन्हें कोई परेशानी नहीं हो रही थी।