राष्ट्रपति चुनाव: क्या बिहार के दो BJP MP नहीं देंगे कोविंद को वोट! जानिए
राष्ट्रपति चुनाव में क्या बिहार भाजपा के दो सांसद भाजपा प्रत्याशी रामनाथ काेविंद को वोट नहीं देंगे। दोनों में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं।
पटना [जेएनएन]। आगामी राष्ट्रपति चुनाव में राजग के प्रत्याशी रामनाथ काेविंद को क्या बिहार भाजपा के दो सांसद वोट नहीं देंगे। यह सवाल भाजपा के गलियारे में चर्चा का विषय तो है, लेकिन इसपर कोई खुलकर नहीं बोल रहा। संदेह के घेरे में सांसद शत्रुघन सिन्हा तथा कीर्जि आजाद हैं।
दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद ने 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। बीसीसीआइ के क्रिकेट पॉलिटिक्स को लेकर कीर्ति का केद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से पुराना विवाद रहा है। कीर्ति आजाद को इसका खामियाजा भगतना पड़ा। पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
इसके बाद कीर्ति की पत्नी पूनम झा आजाद भाजपा से इस्तीफा दे चुकी हैं। कीर्ति हालांकि भाजपा में ही बने हुए हैं, लेकिन पार्टी में उनके आलोचक संदेह जता रहे हैं कि वे भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ वोट करें। हालांकि, कीर्ति आजाद ने इस बाबत कोई बयान नहीं दिया है।
पटना साहिब से सासंद शत्रुघ्न सिन्हा अपने पार्टी विरोधी बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहे हैं। पार्टी ने भी उन्हें हाशिए पर रखकर छोड़ दिया है। राष्ट्रपति चुनाव के प्रत्याशी चयन के ठीक पहले वे लालकृष्ण आडवाणी के नाम का प्रस्ताव देकर भी चर्चा में आए थे। रामनाथ कोविंद के नाम की घोषणा के बाद भी उन्होंने आडवाणी की प्रशंसा की थी। उन्होंने विपक्ष की प्रत्याशी मीरा कुमार को लेकर अपना सॉफ्ट स्टैंड भी जाहिर किया।
भाजपा के भीतर विरोध का सुर बनते रहे शत्रुघ्न सिन्हा ने बार-बार यह भी कहा है कि वे भाजपा के साथ हैं। लेकिन, बिहार भाजपा के कुछ नेताओं को इसका भरोसा नहीं।