प्रशिक्षण प्राप्त कर सशक्त बनेंगी महिलाएं : नगर आयुक्त
सभी के हाथों को रोजगार मिले इसके लिए कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उदघाटन हुआ।
पटना। सभी के हाथों को रोजगार मिले। खासकर महिलाएं स्वावलंबी होंगी तभी राज्य और राष्ट्र का विकास संभव है। इसके लिए महिलाओं को प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया जाएगा। ये बातें शुक्रवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत शहरी गरीबों के लिए कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन करते हुए नगर आयुक्त अभिषेक सिंह ने कहीं। मौका था आशियाना-दीघा रोड में इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ इन्वायरमेंटल सेनिटेशन एंड पब्लिक हेल्थ के कार्यालय में प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन का।
पांचवीं पास महिलाओं को किया जाएगा प्रशिक्षित
नगर आयुक्त ने कहा कि महिलाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से सबल बनाया जाएगा। इससे वे दूसरे को रोजगार दे सकेंगी। इस योजना के तहत राजधानी में 23 केंद्रों का चयन किया गया है, जो दिसंबर तक शुरू हो जाएंगे। इन केंद्रों पर पांचवीं पास शहर के बीपीएल गरीबों को विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी नियमित मॉनीट¨रग होगी। रोजगार के लिए इन्हें बाजार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए नौ संस्थानों के साथ एमओयू भी हो चुका है। जल्द ही पांच-छह संस्थानों के साथ एमओयू होगा।
सृजनी की निदेशक हेमलता शेखावत ने कहा कि यह प्रशिक्षण शहर की महिलाओं के उत्थान का आधार बनेगा। इससे महिलाओं का भविष्य संवरेगा और बिहार की कला भी जीवंत रहेगी। इस समारोह को डे एनयूएलएम के राज्य समन्वयक मनोज सिंह, संस्था की रेखा दास सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।