Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Women's Day 2025: महिला दिवस पर CM नीतीश कुमार ने दी बधाई, RJD को भी दे दिया बड़ा संदेश

    Updated: Sat, 08 Mar 2025 03:21 PM (IST)

    बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि हम लोगों के पहले जिन लोगों को मौका मिला उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कुछ नहीं किया। सीएम ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी।

    Hero Image
    महिला दिवस पर CM नीतीश ने दी बधाई। (सांकेतिक फोटो जागरण)

    राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम लोगों के पहले जिन लोगों को मौका मिला, उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने का कोई काम नहीं किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वह महिलाओं को बधाई देते हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है।

    उन्होंने कहा कि हम आरंभ से ही महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। हर क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। यह देखकर मुझे काफी प्रसन्नता होती है।

    जदयू प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित नारी शक्ति का सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर किया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

    इस मौके पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी, परिवहन मंत्री शीला मंडल, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व मंत्री रंजू गीता सहित कई अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

    बर्ड एवियरी का सीएम ने किया लोकार्पण

    वाइल्ड लाइफ जू सफारी परिसर में नवनिर्मित बर्ड एवियरी का लोकार्पण सह शुभारंभ सीएम नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रजातियों से लबरेज यह एवियरी अनोखा है। इसे पर्यटकों के लिए शीघ्र ही शुरू करने का भी उन्होंने निर्देश दिया।

    जू सफारी प्रबंधन ने बताया कि इस एवियरी का शुल्क अभी निर्धारित टिकट में रखा गया है ‌। बिहार के इस पहले एवियरी का निर्माण किया गया है। एवियरी एक विशेष प्रकार का संरचनात्मक क्षेत्र है, जहां विभिन्न प्रकार के विदेशी पक्षी सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से रहते हैं।

    नवनिर्मित बर्ड एवियरी का सीएम ने किया लोकार्पण।

    इन पक्षियों के लिए यह एक आदर्श वातावरण प्रदान करता है, जो उनके प्राकृतिक आवास से मिलते-जुलते होते हैं। एवियरी में पक्षियों के लिए खुली जगह, पेड़-पौधे, और जल स्रोत होते हैं। जिससे उनकी प्राकृतिक आदतों का पालन किया जा सके।

    विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को देख सकेंगे

    बर्ड एवियरी का निर्माण मुख्यतः पक्षियों के संरक्षण तथा लुप्तप्राय पक्षियों के प्रजनन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों में पक्षियों की जानकारी एवं उनके संरक्षण की आवश्यकता के लिये जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। विदेश में पाये जाने वाले विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को पर्यटक देख सकेंगे।

    बर्ड एवियरी में पर्यटकों को देखने हेतु विदेशी पक्षियों की प्रजातियों उपलब्ध हैं, जैसे कि स्कार्लेट मैकाउ, सल्फर-क्रेस्टेड कॉकटू, बुडगेरिगर, कॉकटेल, इलिगर मैकाउ, मलार्ड डक, ब्लैक स्वान जैसे रंगीन और विविध प्रजातियों रखी गयी हैं।

    बर्ड एवियरी में घूमते सीएम नीतीश कुमार।

    प्रत्येक प्रजाति की अपनी खास जरूरतें एवं महत्व होती है, जैसे कि तापमान, आहार, और सामाजिक व्यवहार, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्हें रखा गया है।

    एवियरी को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि पक्षियों को पर्याप्त जगह मिल सके। इसमें खुले स्थान के साथ-साथ, उन्हें शरण लेने के लिए पेड़ और झाड़ियां भी उपलब्ध है। एवियरी का आकार पक्षियों की संख्या के अनुसार तय किया गया है।

    महत्वपूर्ण है पक्षियों की सुरक्षा

    पक्षियों की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण तत्व है, ताकि पक्षी बाहर न निकल सकें और उनकी रक्षा की जा सके, इसको देखते हुये बर्ड एवियरी के चारों ओर मजबूत एस.एस. वेबनेट वायरमेश जाली का इस्तेमाल किया गया है, ताकि कोई शिकारी या बाहरी खतरा प्रवेश न कर सके।

    एवियरी में प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे, झाड़ियों और पानी के स्रोत जैसे तालाब और झरना लगाया गया है। इससे पक्षियों को अपने प्राकृतिक निवास स्थान जैसा महसूस होता है।

    बर्ड एवियरी में पक्षियों के लिए उचित भोजन और स्वच्छ पानी की व्यवस्था भी की गयी है। एवियरी में उन्हें उनके प्राकृतिक आहार के समान भोजन दिया जाता है।

    बर्ड एवियरी के अन्दर 50 मीटर लम्बाई, 5 मीटर चौड़ाई एवं जमीनस्तर से 2.55 मीटर ऊंचाई के विजिटर डेक का निर्माण कार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त विजिटर डेक के उपर 10 फीट ऊंचाई तक के टनल का निर्माण किया गया है, जिसके उपर वेबनेट वायरमेश लगाया गया है, ताकि पक्षियों एवं पर्यटकों में आवश्यक दूरी बनायी जा सके।

    बर्ड एवियरी।

    विजिटर डेक के दोनों तरफ 6.5 फीट ऊंचाई का Viewing glass का कार्य किया गया है, जिससे पर्यटक पक्षियों को देख सके एवं साथ ही यह पक्षियों एवं पर्यटकों के बीच सेफ्टी बैरियर के रूप में कार्य करेगा।

    कॉरिडोर में दोनों तरफ पक्षियों की जानकारी देने के लिये साइनेजेस लगाए गए हैं। बर्ड एवियरी में जलीय पक्षियों के अधिवास प्रबंधन के लिये लगभग 550 वर्गमीटर के बड़े तालाब का निर्माण किया किया गया है जिसमें पक्षियों के लिये दो बड़े आईलैंड का निर्माण भी किया गया है।

    पानी की स्वच्छता एवं पक्षियों की नैसर्गिक व्यवहार के आलोक में बहते स्ट्रीम से पानी की उपलब्धता, झरने का निर्माण, पक्षियों के रूस्टिंग हेतु आवश्यक व्यवस्था, सैंड बीच का निर्माण इत्यादि कार्य किया गया है।

    पक्षियों के लिये बेहतर अधिवास निर्माण करने हेतु एवियरी के अन्दर फलदार एवं छायादार पौधों का पौधारोपन किया गया है। साथ ही पक्षियों को छुपने के लिये झाड़ियों को लगाया गया हैं।

    एवियरी के चारों तरफ बटरफ्लाई के लिये होस्ट प्लांट का पौधारोपण कार्य किया गया है। ताकि पर्यटकों को एवियरी के बाहरी क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की तितलियों को नजदीक से देखा जा सकेगा।

    यह भी पढें- 

    Bihar Jobs 2025: बिहार में युवाओं की बल्ले-बल्ले, विधानसभा चुनाव से पहले मिलेगा 38 लाख लोगों को रोजगार

    Women's Day 2025: PM मोदी के एक्स हैंडल से नालंदा की अनीता देवी ने साझा की सक्सेस स्टोरी, कहा- मैं कर सकती हूं तो...