Union Budget 2019: सोने पर टैक्स बढ़ाये जाने से निराश हैं महिलाएं... खुश हैं युवतियां...
Union Budget 2019 देश की पहली महिला केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आम बजट पेश किया। इस पर बिहार की राजधानी पटना में महिलाओं की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही।
पटना, जेएनएन। देश की पहली महिला केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आम बजट संसद में पेश किया। इस पर बिहार की राजधानी पटना में महिलाओं की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही। सोने पर टैक्स बढ़ाने से महिलाओं में निराशा है। हालांंकि पांच लाख तक की आय टैक्स फ्री किए जाने से हर घर का बजट संभलेगा। इसकी खुशी महिलाओं में देखने को मिली है। वहीं बजट में युवा खिलाडिय़ों के लिए विशेष प्रावधान किए जाने से युवाओं में खुशी है। नए व्यवसाय शुरू करने के लिए पेचीदगी कम होने से भी युवाओं में खुशी है। राजधानी की युवतियां इसे समझती हैं और बजट को संतोषजनक मानती हैं।
क्या कहती हैं महिलाएं
बजट ने ज्यादा खुशी नहीं दी
इस बार बजट ने ज्यादा खुशी नहीं दी है। सोने-चांदी के दाम को बढ़ा दिया गया है। अभी लगन का समय है और ऐसे में कीमत का बढ़ जाना बहुत परेशान करने वाला होगा। शादी-विवाह वाले घरों पर दबाव बढ़ेगा।
- नीना, कंकड़बाग
आम आदमी को नहीं हुआ कोई फायदा
इस बार के बजट से आम आदमी को कोई खास फायदा नहीं हुआ है। हालांकि पांच लाख तक की आय को टैक्स फ्री किए जाने से आम आदमी को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। इसकी घोषणा पिछले सरकार के अंतरिम बजट में ही हो चुकी थी।
- उषा सिन्हा, कदमकुआं
लोन मिलने से महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर
बजट में महिलाओं पर विशेष ध्यान में रखा गया है। स्वरोजगार बढ़ाने के लिए मुद्रा स्कीम के अंतर्गत महिलाओं को एक लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में आसानी होगी।
- संध्या सरकार, बोरिंग रोड
क्या कहती हैं युवतियां
ग्रामीण महिलाओं को मिली तरजीह
इस बार के बजट में ग्रामीण महिलाओं को भी प्रमुखता के साथ रखा गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की अहम भूमिका को सरकार ने तरजीह दी है। जन-धन योजना के तहत हर महिला का बैंक खाता खोला जाएगा। अब वे भी अपने पांव पर खड़ी हो सकती हैं।
- शिप्रा मिश्रा, आशियाना
खेलो इंडिया स्कीम का होगा विस्तार
बजट ने हम युवाओं के लिए तो कुछ नहीं दिख रहा है। हालांकि देश के युवा खिलाडिय़ों को बजट से अच्छी सौगात मिली है। खेलो इंडिया स्कीम का विस्तार होगा। इस योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल बोर्ड स्थापित किया जाएगा, जिससे खिलाडिय़ों को फायदा मिलेगा।
- स्तुति शर्मा, कदमकुआं
लाइसेंस का दूर होगा झंझट
देश में पहले हर काम में लाइसेंस लेना पड़ता था। लेकिन अब रोजगार को लेकर कोई भी लाइसेंस नहीं होना होगा। इससे रोजगार भी बढ़ेगा और आय का साधन भी होगा। सरकार का यह फैसला विकास में मददगार होगा।
- रिया रानी, लोहानीपुर