चलती बस में युवती से छेड़खानी; विरोध करने पर पति को रॉड से पीटा, मूकदर्शक बने रहे सहयात्री
बिहार में मानवता फिर शर्मसार हुई। चलती बस में एक युवती से छेड़खानी होती रही। विरोध करने पर उसके पति की पिटाई भी की गई। लेकिन कोई उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया।
रोहतास [जेएनएन]। दबंगों ने चलती बस में एक युवती के सथ छेड़खनी शुरू कर दी। साथ यात्रा कर रहे पति ने जब विरोध किया तो उन्होंने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के दौरान बस के सहयात्री मूकदर्शक बने रहे। घायल पति का इलाज सासाराम के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना रोहतास में बीते दिन हुई।
पति के साथ सासाराम आई थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता युवती के साथ दबंगों ने न सिर्फ चलती बस में छेडख़ानी की, बल्कि विरोध करने पर उसके पति को लोहे की छड़ (रॉड) से पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। युवती अपने पति के साथ किसी काम से सासाराम आई थी।
छेडख़ानी का विरोध किया तो पति को पीटा
सासाराम से बरांव गांव लौटते वक्त सासाराम स्टैंड से बस के खुलते ही दबंग छेडख़ानी करने लगे। पति ने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने रॉड से पिटाई कर दी। इस दौरान युवती बीच-बचाव की कोशिश करती रही।
युवती ने बताया कि बस खचाखच भरी हुई थी, लेकिन किसी यात्री ने दबंगों को रोकने की कोशिश नहीं की। सभी यात्री मूकदर्शक बने रहे।
एएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
रोहतास के एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच होगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।