बिहारः भोजपुर में बड़ी वारदात, घर में घुसकर महिला की गर्दन और पेट में धारदार हथियार से वारकर हत्या
भोजपुर में बुधवार की देर रात घर में सोयी एक महिला की धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। गुरुवार की सुबह घर के कमरे से महिला का शव बरामद किया गया।
जागरण टीम, भोजपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव में बुधवार की देर रात घर में सोयी एक महिला की धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। गुरुवार की सुबह घर के कमरे से महिला का शव बरामद किया गया। मृतका 26 वर्षीय रेणु देवी शाहपुर के भरौली गांव निवासी विनोद चौधरी की पत्नी थी। मृतक की गर्दन और पेट के भाग में जख्म का निशान पाया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम आरा सदर अस्पताल में कराया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला घरेलू हिंसा और अवैध संबंधों का लग रहा है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
सास और बहू अलग-अलग कमरे में सोयी थी
बताया जाता है कि शाहपुर के भरौली गांव निवासी विनोद चौधरी की पत्नी रेणु देवी बुधवार की रात अपनी बुजुर्ग सास के साथ घर में थी। दोनों अलग-अलग कमरे में सोयी थीं। देर रात बदमाश घर में घुसे और कमरे में सोई रेणु देवी के ऊपर धारदार से ताबड़तोड़ वारकर उसकी हत्या कर दी। गर्दन व पेट पर कई वार करने से मौके पर ही महिला की मौत हो गई। इस दौरान जब हो-हल्ला हुआ तो सास भी जग गई। सास के साथ भी अपराधियों की नोकझोंक हुई। मौका देखकर बदमाश फरार हो गए।
दूसरे दिन सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
इधर, गुरुवार की सुबह कुछ लोगों द्वारा घटना की सूचना शाहपुर थाने को फोन से दी गई। जब पुलिस पहुंची तो भरौली गांव के विनोद चौधरी घर में मृत महिला का शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद थानाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा ने लाश को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक महिला का पति विनोद चौधरी विदेश में रहता है। इस संबंध में पुलिस द्वारा एक युवक को हिरासत में लिया गया है।