अमृत योजना : बिहार के 14 शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति की कवायद आरंभ
सूबे के 26 शहरवासियों को अब पेयजल की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। सरकार ने अमृत योजना के तहत इन शहरों में 24 घंटे और सातों दिन पाइपलाइन से पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद शुरू कर दी है। पहले चरण में 14 शहरों का चयन किया गया है।
पटना। सूबे के 26 शहरवासियों को अब पेयजल की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। सरकार ने अमृत योजना के तहत इन शहरों में 24 घंटे और सातों दिन पाइपलाइन से पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद शुरू कर दी है।
पहले चरण में 14 शहरों का चयन किया गया है। केंद्र व राज्य सरकार की इस योजना पर 1382 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार 646 और राज्य सरकार 735 करोड़ देगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने बताया कि योजना को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी बिहार राज्य जल पर्षद को दी गई है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के 26 शहरों चयन किया है। इसमें पटना गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, पूर्णिया, आरा, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर, छपरा, दानापुर, सहरसा, हाजीपुर, सासाराम, डेहरी, सिवान, बेतिया, मोतिहारी, बगहा, किशनगंज, जमालपुर, जहानाबाद, बक्सर और औरंगाबाद शहर हैं। प्रदेश सरकार ने योजना को दो चरणों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
पहले चरण में चयनित शहर
शहर का नाम : लागत
हाजीपुर : 80
बक्सर : 52
बेगूसराय : 69
मुंगेर : 81
आरा : 136
बिहारशरीफ : 207
दरभंगा : 50
छपरा : 151
जहानाबाद : 79
बगहा : 133
मोतिहारी : 147
सिवान : 46
औरंगाबाद : 83
किशनगंज : 62
(नोट : राशि करोड़ रुपये में)