बिहार चुनाव : क्या नंदकिशोर बनेंगे विपक्ष के नेता? या प्रेम को मिलेगी कमान? पढ़ें...
क्या नंदकिशोर यादव फिर बनेंगे विपक्ष के नेता? या प्रेम कुमार को मिलेगी कमान? या फिर सामने आएगा कोई तीसरा नाम? बिहार चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा में विधायक दल के नेता को लेकर मंथन आरंभ हो चुका है।
पटना। क्या नंदकिशोर यादव फिर बनेंगे विपक्ष के नेता? या प्रेम कुमार को मिलेगी कमान? या फिर सामने आएगा कोई तीसरा नाम? बिहार चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा में विधायक दल के नेता को लेकर मंथन आरंभ हो चुका है। कयास कई नामों को लेकर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कोई मुंह नहीं खोल रहा है।
छठ पर्व के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में इसपर फैसला होने की उम्मीद है, हालांकि, इसके लिए अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
कहा जा रहा है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी विधानमंडल दल के नेता बने रहेंगे। हां, विधानसभा में विपक्ष के नेता को लेकर पार्टी विकल्पों पर विचार कर रही है। लेकिन, सूत्र बताते हैं कि भाजपा राजद विधायक दल के नेता के चयन के बाद इसके अनुसार ही कोई निर्णय लेगी।
गत विधानसभा में विपक्ष के पार्टी के नेता नंदकिशोर यादव थे। उन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभायी। पार्टी चुनाव जीतती तो वे मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में भी थे। भाजपा का एक बड़ा वर्ग उन्हें इस पद पर देखना चाहता है।
पार्टी का एक वर्ग अति पिछड़ी जाति से आने वाले डॉ. प्रेम कुमार को विपक्ष का नेता देखना चाहता है। गया से सातवीं बार भारी बहुमत से जीतने वाले प्रेम कुमार की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।
बताया जाता है कि पार्टी में इस पद के लिए और भी कई दावेदार हैं। लेकिन, सबकी नजरें आलाकमान पर टिक गई हैं। छठ के बाद ही इसपर कोई फैसला होगा।