बच्चे का इलाज कराते-कराते कंपाउंडर ने लगा दी प्रेम की बीमारी, शेखपुरा की महिला हुई फरार, फिर हुआ ऐसा
शेखपुरा की एक महिला अपने बच्चे का इलाज कराने जहां जाती थी वहां के कंपाउंउर से उसकी आंखें चार हो गई। वह प्रेम में इतनी पागल हो गई कि अपने दो मासूम बच्चे को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई।
शेखपुरा, जागरण संवाददाता। बच्चे का इलाज कराते-कराते कंपाउंडर से इश्क कर बैठी महिला प्यार में ऐसी पागल हुई कि वह सबकुछ भुला बैठी। अपने मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। महिला के पिता ने इस आशय की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला नगर थाना क्षेत्र का है। महिला को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मासूम बच्चों को छोड़कर हो गई थी फरार
महिला के पिता द्वारा दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि उनकी पुत्री बिहारशरीफ के भैसासुर मोहल्ला में संचालित एक शिशु के अस्पताल में अपने बच्चों का इलाज कराने जाती थी। वहीं कंपाउंडर के रूप में काम करने वाले आलोक कुमार के संपर्क में आई। वह बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी राजेश प्रसाद का पुत्र है। पुत्री की शादी अस्थावां थाना क्षेत्र में की थी। उसे तीन साल की बेटी तथा डेढ़ साल का बेटा है। एक दिन वह मायके आई। यहां अपने बच्चों को छोड़कर आलोक के साथ गायब हो गई। शादी की नीयत से कंपाउंडर ने बहला-फुसलाकर उसे भगाया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। इसी दौरान उसे बरामद कर लिया गया। आरोपित युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
विवाह भवन से नाबालिग लड़की अगवा
बरबीघा नगर परिषद के सामाचक मोहल्ला में संचालित सदानंद भदानी मैरेज हॉल से एक लड़की के अगवा होने का मामला सामने आया है। मिशन ओपी में इसकी प्राथमिकी गुरुवार को दर्ज कराई गई है। दर्ज कराई गई प्राथमिकी में लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने बताया है कि वे अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इसी दौरान नालंदा जिले के अस्थामा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरामा गांव निवासी अभिषेक कुमार ने उनकी नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया। इसकी जानकारी मिलने पर उसके घर गए तो वहां गाली गलौज की गई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर लड़की की बरामदगी को लेकर छापेमारी कर रही है।