पुलिस अफसर ने पकड़ा तो नशे में धुत युवक ने किया बुरा हाल, बक्सर में सिपाही पर भी जानलेवा हमला
शराब पार्टी की सूचना पर पहुंची बक्सर पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। नशे में धुत युवक ने सिपाही पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके बाद जब उसे पुलिस अधिकारी ने पकड़ा तो वह दांत काटकर भाग निकला।
चौगाई(बक्सर), जागरण संवाददाता। Attack on police Team: बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के ओझा बरांव गांव में शराब पार्टी चलने की सूचना मिलने पर छापेमारी करने गई पुलिस पर शराब के नशे में एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में एक सिपाही घायल हो गए। इस दौरान युवक को पकड़ने पर एक एएसआइ को दांत काटकर आरोपित फरार हो गया। घायल एएसआइ राजीव कुमार तथा सिपाही जितेंद्र कुमार का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
गश्ती पुलिस को मिली थी शराब पार्टी की सूचना
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात पुलिस गश्त पर निकली थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओझा बरांव गांव में शराब पार्टी चल रही है। इस सूचना पर गश्ती पुलिस त्वरित गति से ओझा बरांव गांव पहुंची। वहां छापेमारी की। पुलिस को देखते शराब पी रहे युवक भागने लगे। इस दौरान पीछा कर रहे सिपाही जितेंद्र कुमार पर एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। तब तक एएसआइ राजीव कुमार मौके पर पहुंच गए। उस युवक को दबोच लिया। पकड़े जाने पर युवक ने एएसआइ के हाथ पर दांत काट लिया और खुद को छुड़ाकर फरार हो गया। इस घटना को लेकर ओझा बरांव गांव निवासी सोनू ओझा को नामजद करते हुए पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
मालूम हो कि शराबबंदी कानून को सफल बनाने में जुटी पुलिस पर अक्सर हमले की खबरें आती रहती है। शराब के धंधेबाज और शराब पीने वाले, दोनों पर न तो पुलिस की सख्ती का असर दिखता है और कानून का भय। हालांकि पुलिस मुस्तैदी से आए दिन शराब पकड़ रही है। शराब पीने वाले भी जेल भेजे जा रहे हैं। बावजूद घटनाएं थम नहीं रहीं। लोगों का कहना है कि पुलिस को सतर्क और सख्त होने की जरूरत है।