प्रदेश में बहने लगी पछुआ हवा, होने लगा ठंड का अहसास
पटना। मौसम में बदलाव होने के बाद प्रदेश में पछुआ हवा की गति धीरे-धीरे तेज होने लगी है।
पटना। मौसम में बदलाव होने के बाद प्रदेश में पछुआ हवा की गति धीरे-धीरे तेज होने लगी है। इसके साथ प्रदेश के तापमान में गिरावट आने के संकेत मिलने लगे हैं। मालूम हो कि प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले ही लौट चुका है। ऐसे में पछुआ की गति तेज होने से ठंड में वृद्धि होने के संकेत मिलने लगे हैं। पारा गिरने के साथ राजधानी की हवा में नमी 80 फीसद तक पहुंच गई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा, प्रदेश में पछुआ हवा का बहना शुरू हो गया है। पछुआ हवा के कारण ही प्रदेश में ठंड का प्रवेश होता है। पछुआ बहने के साथ तापमान में गिरावट आना भी शुरू हो गया है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरने के साथ राजधानी की हवा में नमी भी बढ़ने लगी है। काफी दिनों के बाद राजधानी की हवा में 80 फीसद नमी दर्ज की गई है। तापमान में कमी न केवल पटना में, बल्कि गया, भागलपुर व पूर्णिया में भी रिकॉर्ड की गई। राज्य में सबसे कम तापमान गया में रिकॉर्ड किया गया। गया में न्यूनतम तापमान गिरकर 21.9 पर चला गया है। भागलपुर की हवा में 87 फीसद नमी दर्ज की गई। इस तरह की स्थिति आगे भी बने रहने की उम्मीद है।