पटना से रांची वाया हजारीबाग, सफर हुआ आसान, शुरू हुई साप्ताहिक ट्रेन
अब पटना से रांची वाया हजारीबाग टाउन होकर पहली साप्ताहिक ट्रेन अब शुरू हो गई है। ये ट्रेन प्रायोगिक तौर पर 30 दिसंबर तक चलेगी। ये ट्रेन फिलहाल प्रत्येक शनिवार को पटना से खुलेगी।
पटना, जेएनएन। पटना से हजारीबाग को जोडऩे की कवायद काफी अर्से से जारी है। शनिवार को पटना से रांची वाया हजारीबाग सुपरफास्ट ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। प्रायोगिक तौर पर यह ट्रेन 30 दिसंबर तक चलेगी। फिलहाल यह ट्रेन प्रत्येक को शनिवार खुलेगी।
पूर्व-मध्य रेल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि पटना से हजारीबाग टाउन होकर चलने वाली यह पहली ट्रेन होगी। 08623-08624 नंबर की इस ट्रेन में एसी टू के 3, एसी थ्री के 10 केाच एवं एसएलआर के 2 कोच लगाए जाएंगे।
गाड़ी संख्या 08623 रांची पटना स्पेशल ट्रेन रांची से 23.55 बजे प्रस्थान कर 1.15 बजे मुरी, 2.30 बजे बरकाकाना, 3.40 बजे हजारीबाग टाउन, 5.20 बजे कोडरमा, 7 बजे गया, 8.15 बजे जहानाबाद एवं 9.30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में यह पटना जंक्शन से 10.30 बजे खुलकर 11.30 बजे जहानाबाद, 12.40 बजे गया, 14.00 बजे कोडरमा, 15.30 बजे हजारीबाग टाउन, 18.15 बजे बरकाकाना, 19.50 बजे मुरी एवं 21.30 बजे रांची पहुंचेगी। पटना से वाया बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया होते हुए कोडरमा तक एवं कोडरमा से बरकाकाना होते हुए मुरी होकर रांची तक नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है।
फिलहाल इस रेलखंड पर एनटीपीसी के कोयले की रैक को लाया जा रहा है। हजारीबाग व पटना के लोगों की मांग को देखते हुए शनिवार से ही विशेष सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।