यूपी में शादी के बाद बिहार में किया दूसरा विवाह, गाजियाबाद से सारण पहुंच पत्नी ने खोली पति की पोल
नोएडा में पति-पत्नी साथ रहे। एक बहाना बना पति अपने गांव चला आया। उसने दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी को जब इसकी खबर लगी तो वह अपने घर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पति को ढूंढते बिहार आ पहुंची।
संवाद सूत्र, लहलादपुर, (सारण): तीन साल तक पहले लीव इन रिलेशनशिप में रहे। फिर शादी की। नोएडा में पति-पत्नी साथ रहे। एक बहाना बना पति अपने गांव चला आया। उसने दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी को जब इसकी खबर लगी तो वह अपने घर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पति को ढूंढते बिहार आ पहुंची। मामला सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के मुरारपुर का है। दूसरा विवाह करने का आरोपित राजनाथ राय के पुत्र चंदन राय है। विवाहिता लक्ष्मी यूपी के गाजियाबाद के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत के मोहन नगर की रहने वाली है।
गुरुवार को चंदन राय को खोजते लक्ष्मी उसके घर पहुंची। तब पति समेत ससुराल वालों ने उसे अपनाने से ही इनकार कर दिया। लक्ष्मी का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई। अभद्र व्यवहार भी हुआ। इसमें उसका पति भी शामिल रहा। लक्ष्मी ने जनता बाजार थाने में पति चंदन कुमार राय, ससुर राजनाथ राय, सास देवंती देवी तथा देवर गोलू के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
फेसबुक पर हुई थी दोनों की दोस्ती
लक्ष्मी ने बताया कि चार साल पहले 2017 में उसकी और चंदन की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई। फेसबुक पर बातचीत के बाद नंबर का अदान-प्रदान हुआ। कुछ ही महीनों की बातचीत के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। लगभग तीन साल तक दोनों एक-दूसरे के साथ रहे। इसी बीच चंदन ने लक्ष्मी के घरवालों से बात कर 2020 में गाजियाबाद के ही एक मंदिर में शादी कर ली। बीते 15 अप्रैल को उसके पति चंदन बहन की शादी की बात कहकर घर बिहार आ आया। यहां दूसरी शादी कर ली।
शादी के बाद नोएडा में रहते थे दोनों
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला अंतर्गत मोहन नगर थाना क्षेत्र के मोहन नगर की रहने वाली लक्ष्मी ने जनता बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उसने बताया है कि चार साल पूर्व उसने जनता बाजार थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव निवासी राजनाथ राय के पुत्र चंदन राय से हिन्दू रीति रिवाज से शादी की थी। विवाह के बाद दोनों नोएडा में रहने लगे। यहां उसने चार साल साथ-साथ बिताया लेकिन उसे इस बात का एहसास न था कि उसे पति की बेवफाई झेलनी पड़ेगी और वह उसके रहते दूसरी शादी कर लेगा।