बिहार में मानसून कमजोर पड़ा, बारिश की उम्मीद घटी; पटना सहित इन इलाकों में सताएगी उमस भरी गर्मी
Bihar Weather Update बिहार में कमजोर पड़ा मानसून वर्षा में कमी आसार 37.3 डिग्री के साथ सीतामढ़ी प्रदेश का गर्म शहर 35.7 डिग्री दर्ज किया गया राजधानी का तापमान मुजफ्फरपुर के मुसहरी में 19.6 मिमी सर्वाधिक वर्षा पटना में 1.2 मिमी दर्ज हुई वर्षा
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather Update: बिहार में दक्षिण पश्चिम मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने के साथ झमाझम वर्षा पर विराम लग गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक झमाझम वर्षा के आसार नहीं, हालांकि कुछ जगहों पर मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश के ऊपर ट्रफ-लाइन सामान्य से नीचे व लो प्रेशर एरिया नहीं बनने के कारण भारी वर्षा की संभावना नहीं है। प्रदेश में पूर्वी व दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह बने रहने से उमस बनी रहेगी।
पटना में बारिश का सिलसिला थमा
सोमवार को पटना समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्के स्तर की वर्षा दर्ज की गई। वहीं मुजफ्फरपुर के मुसहरी में 19.6 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई जबकि पटना में सबसे कम 1.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के सीतामढ़ी में 37.3 डिग्री सेल्सियस सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि राजधानी के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की वृद्धि के साथ 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जगहों पर हुई वर्षा
मुजफ्फरपुर के मुसहरी में 19.6 मिमी, अधवारा 14.0, हायाघाट 8.2, झंझारपुर 7.0, जाले 6.2, सौलीघाट 6.2, त्रिवेणी 5.2, समस्तीपुर 3.6, गया 3.2, छपरा में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
विभिन्न शहरों के तापमान में वृद्धि
सोमवार को पटना समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश के औरंगाबाद जिले के तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि के साथ 36.6 डिग्री, गया के तापमान में 0.7 डिग्री वृद्धि के साथ 36.2, नवादा में 0.6 डिग्री वृद्धि के साथ 35.5, बेगूसराय में 1.1 डिग्री की वृद्धि के साथ 35.7 डिग्री, दरभंगा में 1.8 डिग्री वृद्धि के साथ 35.8 डिग्री, भागलपुर में 0.7 डिग्री के वृद्धि के साथ 36.8 डिग्री, बांका में 1.9 डिग्री के वृद्धि के साथ 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।