Bihar Weather News: विजयादशमी पर भींगेगा रावण, बिहार के कई इलाकों में भारी वर्षा के आसार; आगे ऐसा रहेगा मौसम
Bihar Weather Update मानसून अब लगभग लौट चला है लेकिन वर्षा सिलसिला खत्म नहीं हुआ है। मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके कारण बिहार सहित कई राज्यों में भारी वर्षा के आसार हैं।
पटना, आनलाइन डेस्क। Weather Update: मानसून अब भारत से लगभग लौट चला है। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण लगभग पूरे मैदानी इलाके में वर्षा हो रही है। बिहार में दुर्गा पूजा जैसे खास मौके पर लगातार वर्षा होती रही। इसके चलते कई जिलों में मेले का मजा किरकिरा हो गया। विजयादशमी के दिन भी बिहार को वर्षा से राहत नहीं मिलेगी।
आगरा-ग्वालियर से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन
मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल आगरा, ग्वालियर, रतलाम और भरूच जैसे शहरों से होकर गुजर रही है। इससे आप समझ सकते हैं कि मानसून अभी पूरी तरह गया नहीं है। इस वर्ष मानसून ने बिहार पर खूब बेरुखी दिखाई है। लेकिन, मानसून के आखिरी सीजन में ठीक-ठाक वर्षा बिहार में हो गई है।
बिहार के कई जिलों में आज भारी वर्षा के आसार
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि आसपास के राज्यों उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश के साथ ही बिहार के कई जिलों में पांच अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं। आइएमडी के दिल्ली केंद्र ने बिहार के लिए बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि गुरुवार यानी छह अक्टूबर से राज्य में मौसम सामान्य हो सकता है।
दिन की लंबाई घटने लगी, शरद का होगा अहसास
अब दिन की लंबाई घटने लगी है। साथ ही रातें लंबी होने लगी हैं। शरद ऋतु का अहसास भी होने लगा है। इसी तरह धीरे-धीरे गर्मी का अहसास खत्म होता जाएगा और ठंड बढ़ेगी। उम्मीद है कि दीपावली के बाद सुबह-शाम हल्की ठंंड महसूस होने लगेगी।