जलजमाव में छिपे सड़क के गड्ढे, पैदल चलना भी खतरनाक
मीठापुर अंतरराज्यीय बस पड़ाव जाने वाली सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है।
पटना । मीठापुर अंतरराज्यीय बस पड़ाव जाने वाली सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है। पहले से गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क का हाल बारिश के बाद और बुरा हो गया है। गड्ढे वाली जलमग्न सड़क दुर्घटना को आमंत्रित कर रही है। आसपास के मोहल्ले भी जलमग्न हो गए हैं। पानी नहीं निकल पा रहा है। नागरिक परेशान हैं। कई घरों में भी बारिश का पानी प्रवेश कर गया है।
शिक्षा हब चाणक्या राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, चंद्रगुप्त मैनेजमेंट संस्थान, नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी जैसे संस्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। प्राध्यापक और विद्यार्थी जलजमाव से परेशान हैं। रामनगर रोड में घुटनाभर से अधिक पानी जमा हुआ है। संजय नगर, चंदमारी रोड, खासमहाल, करबिगहिया सहित कई कई मोहल्ले जलमग्न हैं। इस क्षेत्र का पानी काफी धीमी गति से निकल रहा है। करबिगहिया में गंदा पानी बह रहा है। इंदिरा नगर का हाल सबसे अधिक भयावह है। प्रियदर्शी नगर, चाणक्या नगर, न्या टोला कुम्हरार सहित कई मोहल्ले पानी में डूबे हुए हैं। न्यू बाइपास के किनारे वाले भाग भोजपुर कॉलोनी, अशोक नगर सहित कई मोहल्ले में बाहरी पानी आ गया है।
राजेंद्रनगर में भी जलजमाव
राजेंद्र नगर के रोड एक और दो में जलजमाव हो गया है। मशीन लगाकर पानी की निकासी हो रही है। कदमकुआं ठाकुरबाड़ी रोड में घुटनाभर पानी लग गया है। भंवरपोखर के पास भी जलजमाव है।
अंदर जलजमाव और निकास द्वार पर कीचड़
मीठापुर बस स्टैंड के अंदर जलजमाव है। निकास द्वार पर कीचड़ भरा है। एक लेन कीचड़ से सना है। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी और कीचड़ में जाने को मजबूर हैं। बस पड़ाव की स्थिति भयावह हो गई है।
मैन होल बने खतरनाक
शहर में जगह-जगह बने मैन होल खुले हुए हैं। प्रियदर्शी नगर में चार मैन होल खुले हैं। दिक्कत यह है कि ये मैन होल पानी में डूब गए हैं। वो तो भला होगा स्थानीय लोगों का, जिन्होंने खुले मैन होल पर बांस डाल दिया है। लोग बचकर आ-जा रहे हैं। एसके नगर के रोड आठ में मैन होल खुला है। हालांकि यहां जलजमाव नहीं है। लेकिन, मुख्य सड़क होने के कारण हादसा की आशंका बनी रहती है। पटना उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद बाद भी खुले मैन होल को बंद नहीं किया गया है। कई स्थानों पर मैन होल सतह से नीचे है।
मच्छरों का बढ़ गया है प्रकोप
लगातार जलजमाव की वजह से शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। न्यू बाइपास से जुड़े मोहल्ले में बाहरी पानी आने के कारण मच्छर रहना मुश्किल कर दिए हैं। लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। जलजमाव के बीच मच्छर परेशान किए हैं। पाटलिपुत्र सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ते जा रहा है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में नगर निगम फॉगिंग भी नहीं करा पा रहा है।
बारिश के कुछ ही देर बाद निकल गया पानी
बारिश होने के कुछ ही देर बाद पटना जंक्शन, डाकबंगला सहित कई इलाके से पानी निकल गया। हालांकि इन इलाकों में भी गढ्डे वाली गलियों में पानी लग गया है। टूटे रोड और छोटे-छोटे गड्ढे परेशानी का कारण बन गए हैं।