बगावत कर चुनाव लड़नेवाले व्यास सिंह को पहले भाजपा से निकाला, जीत के बाद अब डाला जा रहा डोरा
जिन्हें खुले मंच से उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने चेतावनी दी। बगावत कर चुनाव लड़ने पर पार्टी से निकाला गया। अब उन्हीं पर भाजपा डोरा डाल रही है। स्वागत करने की बात कह रही है।
पटना, जेएनएन। जिन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने मंच से उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने खुलेआम चेतावनी दी। पार्टी से निकाला गया, लेकिन अब उन्हीं पर भाजपा डोरा डाल रही है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने फिर से पार्टी में आने का न्यौता दिया है। कहा है कि वे चाहें तो पार्टी में आ जाएं, उनका यहां स्वागत है।
जदयू के कोटे में थी दरौंदा की सीट
जी हां, बात कर रहे हैं सिवान जिले के दरौंदा विधानसभा सीट से उपचुनाव में बाजी मारने वाले निर्दलीय विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह की। व्यास सिंह भाजपा से बगावत कर चुनाव में खड़ा हो गए, जबकि एनडीए के तहत दरौंदा सीट जदयू के खाते में गयी थी। जदयू ने सांसद कविता सिंह के पति अजय सिंह को उम्मीदवार बनाया था। भाजपा की ओर से मनाही के बाद भी व्यास सिंह नहीं माने और अंत तक मैदान में डटे रहे।
व्यास सिंह पर नहीं हुआ था धमकी का असर
इसके बाद प्रचार खत्म् होने के दो दिन पहले यानी 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दरौंदा में चुनावी सभा थी। सभा में भाजपा की आेर से उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान भी मौजूद थे। इसी सभा में सुशील मोदी ने स्पष्ट कहा था कि व्यास सिंह चुनाव मैदान से हट जाएं और एनडीए उम्मीदवार को मदद करें। यदि वे नहीं हटेंगे तो उन्हें पार्टी बाहर निकाल देगी।
और अंत में जीत गए व्यास सिंह
सुशील मोदी की इस चेतावनी का भी व्यास सिंह पर कोई असर नहीं हुआ। तब भाजपा ने एक्शन लेते हुए व्यास सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता निकाल दिया। इसके बाद तो व्यास सिंह और अधिक मुस्तैदी से चुनाव लड़ने लगे। उनकी मेहनत का फल रिजल्ट में देखने को भी मिला। कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने बाजी मार ली और चुनाव जीत गए।
संजय जासवाल बोले- आएंगे तो पार्टी में स्वागत है
इधर, शनिवार को भाजपा ने उपचुनाव में जीते नवनिर्वाचित विधायक व्यास सिंह पर डोर डालते हुए पार्टी में वापस आने का न्यौता दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि दरौंदा के नवनिर्वाचित विधायक व्यास सिंह यदि भाजपा में आएंगे तो उनका स्वागत है। उन्होंने यह भी कहा कि दरौंदा की जनता के निर्णय का हमलोग सम्मान करते हैं। उन्होंने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में ब्यास सिंह से मिलने की बात स्वीकार की। कार्रवाई को लेकर पूछे जाने पर कहा कि मीडिया को मैं प्रेसनोट के माध्यम से सूचित कर चुका हूं।
किशनगंज में बढ़ा वोट बैंक
पार्टी की किशनगंज उपचुनाव में हार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वहां सामाजिक समीकरण हमारे पक्ष में नहीं था। हालांकि हमने बेहतर प्रदर्शन किया है। वोटों की संख्या बढ़ी है। किशनगंज में पार्टी का जनाधार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हम इसके लिए किशनगंज की जनता को धन्यवाद देते हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने जो निर्णय दिया है उसपर विचार करने की जरूरत है और जो कमियां रह गई हैं उन्हें ठीक करने को लेकर आगे काम करेंगे।
पांच नवंबर को पटना आएंगे जेपी नड्डा
उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार आएंगे।पांच नवंबर को बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और गुजरात के पूर्व राज्यपाल कैलाशपति मिश्र का पुण्यतिथि समारोह मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में होगा।