विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिमिक्री आर्टिस्ट ने अनंत सिंह को ही बनाया दर्शक, सामने बैठकर उतारी ‘छोटे सरकार’ की नकल, मुस्कुराए JDU विधायक

Published: Mon, 28 Sep 2026 08:58 AM (IST)

मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह से मिलने पहुंचे मिमिक्री आर्टिस्ट विपुल ठाकुर ने उन्हीं के सामने उनका अंदाज उतारा। ...और पढ़ें

HighLights

  1. मिमिक्री आर्टिस्ट विपुल ठाकुर ने अनंत सिंह से मुलाकात की।

  2. विपुल ने विधायक अनंत सिंह के सामने उनकी मिमिक्री की।

  3. अनंत सिंह ने अपनी मिमिक्री का सहजता से आनंद लिया।

डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह का अंदाज ही कुछ ऐसा है कि उनकी बोली, पहनावा और हाव-भाव की नकल करना भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जाता है।

अब जब उनकी मिमिक्री करने वाले अभिनेता विपुल ठाकुर खुद ‘छोटे सरकार’ के सामने पहुंचे तो माहौल ही दिलचस्प हो गया। सभी के चेहरे पर मुस्कान आ गई। 

सफेद कुर्ता-पायजामा नहीं, चश्मा-टीका और अनंत सिंह वाला अंदाज

विपुल ठाकुर जब पटना स्थित आवास पर अनंत सिंह से मिलने पहुंचे तो उनका पूरा लुक ही ‘छोटे सरकार’ के अंदाज में था। आंखों पर काला चश्मा, माथे पर लंबा टीका और सफेद पैंट-शर्ट पहने विपुल को देखते ही अनंत सिंह के चेहरे पर मुस्कान तैर गई।

इसके बाद विपुल ने उनके सामने ही अनंत सिंह की मिमिक्री शुरू कर दी। विपुल ने अनंत सिंह की खास बोली और संवाद अदायगी को हूबहू उतारने की कोशिश की।

उनकी मिमिक्री सुनकर पास बैठे अनंत सिंह भी लगातार मुस्कुराते रहे। खासकर ‘बढ़िया’, ‘कुछो नई कहेंगे’ जैसे चर्चित अंदाज में संवाद सुनकर वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।

जिसकी मिमिक्री करते हैं, उसी के सामने किया परफॉर्म

विपुल ठाकुर अक्सर सोशल मीडिया पर अनंत सिंह की मिमिक्री करते नजर आते हैं। उनके रील्स में अनंत सिंह की बोलने की शैली, चेहरे के हाव-भाव और संवादों को मजेदार अंदाज में पेश किया जाता है।

ऐसे वीडियो इंस्टाग्राम समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होते रहते हैं। इस बार खास बात यह रही कि जिस शख्स की मिमिक्री के दम पर विपुल सोशल मीडिया पर लोगों का मनोरंजन करते हैं, उसी के सामने उन्होंने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

अनंत सिंह ने भी इसे सहजता से लिया और उनकी मिमिक्री का आनंद लेते नजर आए। अनंत सिंह अपने खास अंदाज के कारण लगातार चर्चा में रहते हैं।

हाल ही में अभिनेता सोनू सूद ने उनसे मुलाकात की थी। अब अभिनेता और मिमिक्री आर्टिस्ट विपुल ठाकुर की मुलाकात ने सोशल मीडिया के लिए एक और दिलचस्प तस्वीर पेश कर दी है।

विपुल का अनंत सिंह के अंदाज में सामने बैठकर उन्हीं की मिमिक्री करना और ‘छोटे सरकार’ का मुस्कुराते हुए उसे सुनना—यह मुलाकात अपने आप में मनोरंजन का एक अलग ही रंग दिखाती नजर आई।