राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय सिन्हा ने शनिवार को कहा कि गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र के एक घर में घुस कर किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वहीं, इसी जिले के बसडीहा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं से बिहार सहमा हुआ है।
सिन्हा ने कहा कि कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजर रहा है, जब हत्या और दुष्कर्म की अनेक घटनाएं दर्ज नहीं हो रही हैं। पुलिस आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा करने के बजाय बालू-दारू से अवैध वसूली में लगी हुई है। राजनीतिक अस्थिरता की वजह से पूरे बिहार में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की गंभीर होती विधि-व्यवस्था की समस्या से नजरें चुराकर समाधान यात्रा का ढोंग कर रहे हैं। जब उन्हें समस्या की जानकारी ही नहीं है तो फिर वे समाधान किस चीज का करेंगे? राज्य सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। जंगलराज वालों के साथ मुख्यमंत्री भी सुशासन का राग अलापना भूल चुके हैं। बिहार ‘लॉलेसनेस सिंड्रोम’ में फंस चुका है। बिहार की जनता कराह रही है। छात्र-नौजवान, किसान, मजदूर किसी की चिंता सरकार को नहीं है।
केंद्र पर मिथ्या आरोप मढ़ सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे राहुलः मंगल पांडेय
इधर, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कहा कि जेड-प्लस सुरक्षा के बावजूद उन्हें किस बात का डर है। इसके अलावा जम्मू एवं कश्मीर में उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है, लेकिन सुर्खियां बटोरने के लिए वे केंद्र सरकार पर मिथ्या आरोप मढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के नाम पर राहुल गांधी देशवासियों को तरह-तरह की बातें कर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पहले से एकजुट भारत की जनता उनकी बातों का नोटिस नहीं लेती है। झूठ की खेती करना कांग्रेस की परंपरा रही है।
पांडेय ने कहा कि झूठ बोल लोगों की सहानुभूति बटोरने वाले कांग्रेस के युवराज यह क्यों नहीं बताते कि उनकी सरकार की तुलना में आज जम्मू एवं कश्मीर में शांति ही नहीं बल्कि, जनता का राज है और वहां विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।